रायपुर: फैक्ट्री में बंधक 97 मजदूर रेस्क्यू
रायपुर । संवाददाता: राजधानी रायपुर के खरोरा क्षेत्र में एक मशरूम फैक्ट्री में बंधक बनाकर मजदूरों से काम करवाने का दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है. महिला एवं बाल विकास विभाग ने छापेमारी कर 97 मजदूरों को मुक्त कराया, जिनमें महिलायें, पुरुष और बच्चे शामिल हैं. हालांकि इस मामले में पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं किया है.
पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी. जबकि पुलिस मज़दूरों को छुड़ाने में सक्रिय रही है.
ये मजदूर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश से काम की तलाश में आये थे. आरोप है कि फैक्ट्री मालिकों ने बिना वेतन दिये 24 घंटे काम करवाया, मारपीट की और नजरबंद रखा.
मजदूरों ने बताया कि उन्हें भोजन और कपड़े देने के वादे के साथ लाया गया, लेकिन वहां भूख, प्रताड़ना और बंदी का सामना करना पड़ा.
2 जुलाई की रात कुछ मजदूर फैक्ट्री से भागकर 20 किमी पैदल चलकर रायपुर पहुंचे और पुलिस की मदद मांगी.
इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने बचपन बचाओ आंदोलन के साथ मिलकर कार्रवाई की.
रेस्क्यू किये गये मजदूरों ने फैक्ट्री मालिकों विकास तिवारी, विपिन तिवारी और नितेश तिवारी के खिलाफ एसपी को शिकायत दी है.
महिला एवं बाल विकास अधिकारी शैल ठाकुर ने बताया कि शिकायत के आधार पर तिल्दा की इस फैक्ट्री में छापा मारा गया और मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया. मामले की जांच जारी है.