रायपुर: नाबालिग से दरिंदगी करने वाले दोषी को 20 साल सजा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मासूम बच्चियों की सुरक्षा को लेकर न्यायपालिका ने एक कड़ा संदेश दिया है. टिकरापारा थाना क्षेत्र में करीब दो साल पहले एक साढ़े नौ वर्षीय बच्ची के साथ हुई हैवानियत के मामले में द्वितीय फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय (पॉक्सो) ने अपना महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है.
न्यायाधीश विनय कुमार प्रधान ने मामले की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों को आधार मानते हुए आरोपी महेश धीवर (35 वर्ष) को दोषी करार दिया और उसे 20 साल के कठोर कारावास की सजा से दंडित किया है.
यह हृदयविदारक घटना मई 2024 की है, जब पीड़ित बच्ची अपने घर के पास स्थित दूधाधारी मठ मंदिर क्षेत्र में गई थी. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आरोपी ने मासूम को अकेला पाकर बहलाया-फुसलाया और अपने कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया.
वारदात के बाद आरोपी ने बच्ची को डराया-धमकाया ताकि वह किसी को कुछ न बता सके.
हालांकि, मासूम ने साहस दिखाते हुए अपनी मां को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा. अभियोजन पक्ष ने सुनवाई के दौरान ठोस गवाह और सबूत पेश किए, जिससे आरोपी का दोष सिद्ध हुआ और कोर्ट ने उसे इस जघन्य अपराध के लिए सख्त सजा सुनाई.