रायपुर: 30 स्पा सेंटरों पर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, 2 में मिलीं आपत्तिजनक सामग्री
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी में गैर-कानूनी गतिविधियों और अनियमिमताओं पर नकेल कसने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक व्यापक अभियान चलाया. शनिवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित 30 स्पा सेंटरों पर पुलिस की 15 टीमों ने एक साथ अचानक दबिश दी. इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे, जिससे स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया.
इस सघन जांच अभियान के दौरान दो स्पा सेंटरों-डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित एलिना स्पा और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल में संचालित थाई स्पा-में आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की गईं. इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस ने दोनों स्पा सेंटरों के प्रबंधकों और कर्मचारियों के खिलाफ वैधानिक व प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है.
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने परिसरों के लीज व किरायेनामे, स्वामित्व पत्र और संचालन से जुड़ी तमाम आवश्यक अनुमतियों की गहन पड़ताल की. इसके साथ ही ग्राहकों के इंट्री रजिस्टर, कर्मचारियों के आयु प्रमाण पत्र, सीसीटीवी कैमरों की चालू स्थिति व उनकी रिकॉर्डिंग क्षमता की भी जांच की गई.
पुलिस ने खासतौर पर यह भी खंगाला कि वहां कार्यरत स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन कराया गया है या नहीं.
यह पूरा ऑपरेशन वेस्ट जोन के पुलिस उपायुक्त रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन के पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन की पुलिस उपायुक्त दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में चलाया गया, जिसका मैदानी नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त स्तर की अधिकारी स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा ने किया.
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई किसी एक दिन की नहीं है, बल्कि स्पा सेंटरों की निगरानी और चेकिंग का यह सिलसिला आगे भी इसी तरह जारी रहेगा. पुलिस प्रशासन के मुताबिक, यदि भविष्य में भी किसी सेंटर में नियमों का उल्लंघन या संदिग्ध गतिविधियां पाई जाती हैं, तो उनके संचालकों और प्रबंधकों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे.