रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

रायपुर: छात्रा की संदिग्ध मौत, लिव-इन पार्टनर हिरासत में

C

CG Khabar

06 अग. 2026, 02:09 PM 2 मिनट में पढ़ें 13

हत्या
हत्या

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ किराए के मकान में लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही 19 वर्षीय बीएड छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई. युवती के शरीर पर कई जगह चोट के गंभीर निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसके साथ रह रहे युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.


परिजनों के दावों ने इस घटनाक्रम में चरित्र शंका और घरेलू हिंसा की ओर इशारा किया है. मृतका की बड़ी बहन के अनुसार, संदेही युवक अक्सर युवती के चरित्र पर शक करता था, जिसके कारण दोनों के बीच आए दिन विवाद और मारपीट होती रहती थी. 

विज्ञापन


वारदात से ठीक एक दिन पहले पीड़िता ने फोन कर अपने साथ हुई मारपीट की आपबीती सुनाई थी और रायपुर छोड़कर वापस गांव आने की इच्छा जताई थी. किराए और यात्रा के लिए बहन ने उसे ऑनलाइन तीन हजार रुपये भी भेजे थे, लेकिन इससे पहले कि वह लौट पाती, 4 अगस्त की रात परिजनों को उसके मेकाहारा अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.


जांच अधिकारियों के मुताबिक, मृतका मूल रूप से कांकेर जिले के कोकपुर गांव की रहने वाली थी और रायपुर के विकास महाविद्यालय से बीएड की पढ़ाई कर रही थी. वह पिछले छह-सात महीनों से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल के साथ रह रही थी, जो रावतपुरा सरकार कॉलेज में डीएलएड का छात्र है. 


पुलिस की शुरुआती छानबीन में मृतका की बाईं आंख के नीचे, गर्दन के पीछे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे गला दबाने और बेरहमी से पीटे जाने की आशंका जताई जा रही है.


फिलहाल पुलिस ने मुख्य संदेही सावंत बघेल को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है. मुजगहन थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP