रायपुर: सहकारी आवास घोटाले में पूर्व लिक्विडेटर के खिलाफ चार्जशीट
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की एसीबी ने सहकारी आवास समितियों में हुए 4 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय घोटाले में बड़ी कार्रवाई की है. एसीबी ने पूर्व वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक और लिक्विडेटर राजकुमार नायडू के खिलाफ रायपुर की विशेष भ्रष्टाचार निवारण अदालत में 3,500 पन्नों का भारी-भरकम आरोप पत्र दाखिल किया है.
जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई भारतीय दंड संहिता की धारा 409 और 420 सहित भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के विभिन्न प्रावधानों के तहत की है.
जांच में सामने आया है कि राजकुमार नायडू ने रायपुर की 'भैरव सहकारी आवास समिति' और 'एनएमडीसी (राष्ट्रीय खनिज विकास निगम) सहकारी आवास समिति' के लिक्विडेटर के रूप में अपने पद का जमकर दुरुपयोग किया.
एनएमडीसी हाउसिंग सोसाइटी में उन्होंने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर 13 वैध सदस्यों के भूखंडों का आवंटन रद्द कर दिया और नियमों को ताक पर रखकर नए सदस्यों को सरकारी कलेक्टरेट दर (सर्कल रेट) से बेहद कम दामों पर ये प्लॉट बेच दिए.
इतना ही नहीं, आरोपी ने कॉलोनी की सड़कों के लिए आरक्षित जमीन को भी अवैध रूप से बेच डाला, जिससे समितियों को करीब 4 करोड़ रुपये से अधिक का चूना लगा.
घोटाले का यह खेल 'भैरव सहकारी आवास समिति' में भी खेला गया, जहां नायडू ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों के नाम पर प्लॉट आवंटित कर दिए. एक अन्य मामले में, आरोपी ने एक वैध सदस्य से प्लॉट की पूरी रकम वसूल ली, लेकिन बिना किसी पूर्व सूचना के वही प्लॉट किसी दूसरे व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री कर दिया.
एसीबी के अनुसार, आरोपी ने अपने निलंबन की तारीख के बाद भी समिति के बैंक खातों से अवैध रूप से पैसे निकाले और बिक्री से मिली रकम को अपने निजी इस्तेमाल में लिया. इस तरह सीधे तौर पर 20 लाख रुपये से अधिक का गबन किया गया. ब्यूरो ने वित्तीय हेरफेर और सबूतों के पुख्ता ट्रेल के आधार पर इस व्यापक चार्जशीट को तैयार कर अदालत के समक्ष पेश किया है.