रायपुर: गरबा आयोजन में वक्फ बोर्ड और बजरंग दल की अपील
रायपुर । संवाददाता: राजधानी रायपुर में शारदीय नवरात्रि के आगामी गरबा आयोजनों को लेकर अचानक सरगर्मियां बढ़ गए हैं. छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड और बजरंग दल द्वारा जारी की गई अलग-अलग अपीलों और मांग पत्रों ने शहर के माहौल में नई बहस छेड़ दी है. दोनों ही संगठनों ने गरबा में प्रवेश, सुरक्षा और धार्मिक मर्यादाओं को लेकर अपनी-अपनी बातें रखी हैं. हालांकि, ये सभी बयान और मांगे संगठनों की अपनी राय हैं और जिला प्रशासन की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक दिशानिर्देश जारी नहीं किए गए हैं.
वक्फ बोर्ड की अपील: अनुमति और धार्मिक मर्यादा का पालन आवश्यक
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम युवाओं से खास अपील की है. उन्होंने कहा है कि यदि कोई मुस्लिम युवा गरबा आयोजनों में शामिल होना चाहता है, तो उसे पहले आयोजन समिति से विधिवत अनुमति लेनी चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि गरबा एक धार्मिक आस्था से जुड़ा आयोजन है, इसलिए इसमें शामिल होने वाले सभी लोगों को आयोजन की परंपराओं का पालन करना चाहिए, जिसमें तिलक लगाना और कलावा बांधना शामिल है. उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि मुस्लिम युवा अपने परिवार की महिलाओं के साथ ही इसमें शामिल हों.
बजरंग दल का 14 सूत्रीय मांग पत्र: गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक और सुरक्षा की मांग
दूसरी तरफ बजरंग दल की रायपुर इकाई ने जिला प्रशासन को एक 14 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है, जिसमें गरबा को केवल मनोरंजन का साधन न मानकर धार्मिक गरिमा बनाए रखने की बात कही गई है. बजरंग दल ने गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगाने के साथ-साथ पहचान पत्र की जांच, सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते तथा महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की मांग की है. संगठन का कहना है कि गरबा स्थलों पर किसी भी प्रकार के विवाद या संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सख्त नियम बनाए जाएं.
सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की अपील
दोनों ही बयानों और ज्ञापन में गरबा स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन निकास मार्गों को लेकर चिंता जताई गई है. बजरंग दल ने प्रशासन से प्रमुख गरबा स्थलों का पहले से निरीक्षण करने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का आग्रह किया है. साथ ही, भ्रामक सोशल मीडिया कंटेंट और सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने वाले गानों या नारों पर भी रोक लगाने की मांग की गई है. अब देखना यह होगा कि इन मांगों और अपीलों के बीच जिला प्रशासन आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए क्या कदम उठाता है.