रायपुर: HC के अवमानना नोटिस के बाद 43 सहायक शिक्षक बहाल
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 11 वर्षों से न्याय की आस लगाए बैठे 43 सहायक शिक्षकों की आखिरकार जीत हुई है. रायपुर नगर निगम ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय और देश की शीर्ष अदालत (सुप्रीम कोर्ट) के आदेशों का पालन करते हुए सभी 43 शिक्षकों को पुन: सेवा में बहाल कर दिया है.
नगर निगम द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन शिक्षकों को विभिन्न शासकीय विद्यालयों में पदस्थापना देने के साथ-साथ उनकी सेवा निरंतरता, वरिष्ठता और अन्य सभी वैधानिक लाभ प्रदान किए गए हैं. इसके साथ ही शिक्षकों के एक दशक से भी लंबे संघर्ष का सुखद अंत हो गया है.
यह मामला वर्ष 2013 में शुरू हुई सहायक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा है. चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 अक्टूबर 2014 को 43 अभ्यर्थियों ने अपना पदभार ग्रहण किया था. हालांकि, महज 45 दिनों के भीतर ही 29 नवंबर 2014 को बिना किसी उचित प्रक्रिया या कारण के उनकी नियुक्तियों को निरस्त कर दिया गया था.
प्रशासनिक कार्रवाई से व्यथित होकर शिक्षकों ने न्याय पाने के लिए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया.
कानूनी प्रक्रिया के दौरान 16 अप्रैल 2019 को उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने शिक्षकों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए बर्खास्तगी के आदेश को रद्द कर दिया था. अदालत ने इस कार्रवाई को मनमाना, भेदभावपूर्ण और संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लंघन माना था. कोर्ट ने शिक्षकों को सेवा निरंतरता और वरिष्ठता देने के निर्देश दिए, हालांकि 'काम नहीं तो वेतन नहीं' के सिद्धांत के तहत इस अवधि का बकाया वेतन नहीं दिया गया.
इसके बाद राज्य सरकार ने इस निर्णय को उच्च न्यायालय की डिवीजन बेंच और बाद में सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन दोनों ही जगहों से राज्य सरकार की याचिकाएं खारिज हो गईं. सुप्रीम कोर्ट द्वारा 15 अप्रैल 2025 को याचिका खारिज किए जाने के बाद शिक्षकों के पक्ष में आया फैसला अंतिम हो गया.
अदालत का अंतिम फैसला आने के बाद भी जब काफी समय तक प्रशासनिक आदेशों का क्रियान्वयन नहीं हुआ, तब पीड़ित शिक्षकों ने उच्च न्यायालय में अवमानना याचिका दायर की. अवमानना की कार्रवाई शुरू होते ही नगर निगम प्रशासन हरकत में आया और 4 अगस्त को सभी शिक्षकों की बहाली का आदेश जारी कर दिया.
इसके बाद 6 अगस्त को उच्च न्यायालय ने अवमानना याचिका को समाप्त कर दिया. याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता रूपेश साहू ने इस फैसले को कानून के शासन और संवैधानिक समानता की बड़ी जीत बताया है.