छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन बारिश की चेतावनी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच बारिश के आसार बन रहे हैं.
प्रदेश के बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में 20, 21 और 22 फरवरी को बारिश हो सकती है.
पश्चिमी विक्षोभ के असर से ऐसा होगा. इसी के साथ गुरुवार से कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है.
हालांकि पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है. वहीं न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई है.
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा की दिशा में बदलाव हो रहा है.
इसके प्रभाव से तापमान में लगातार उतार चढ़ाव हो रहा है. साथ ही दिन में तेज धूप के साथ चुभने वाली गर्मी पड़ रही है.
वहीं सुबह और रात में हल्की ठंड पड़ रही है. दिन व रात का तापमान भी सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा तक पहुंच गया था.
मौसम बदलने और बारिश होने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी. इस बीच बादल छाए रहने की भी संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार रात से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने वाला है.
इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है.
इस मौसमी तंत्र के प्रभाव के कारण बारिश हो सकती है.
राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है.
वहीं अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री के आस-पास बना हुआ है.
मंगलवार को जगदलपुर प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहा. यहां पारा 34.6 डिग्री तक पहुंच गया.
जबकि रायपुर में पारा 34.2 डिग्री पर रहा. वहीं अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा. यहां न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री रहा.
इसी प्रकार बिलासपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
जगदलपुर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री, राजनांदगांव में 34.5 डिग्री अधिकतम और 13.2 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है.