सरगुजा में बारिश के साथ ओलावृष्टि
छत्तीसगढ़ के सरगुजा में झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने से फरवरी के महीने में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हो रही है.
गुरुवार को सरगुजा के सीतापुर सहित आसपास के क्षेत्रों में जमकर ओले गिरे तथा लगभग एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई.
वहीं शुक्रवार को भी मौसम का हाल वैसा ही रहने का अनुमान है.
शुक्रवार को बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा सुकमा जिले में बादल छाए हुए हैं. कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने पहले ही सरगुजा संभाग में 21, 21 और 22 फरवरी को बारिश होने की चेतावनी दी थी.
पश्चिमी विक्षोभ के असर से सरगुजा में बुधवार की रात से मौसम में बदलाव शुरू हो गया था.
अंबिकापुर में हल्की बूंदा बांदी हुई. वहीं गुरुवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे.
सीतापुर विकासखंड के बमलाया, सरगा और गेरसा सहित अन्य इलाकों में लगभग 10 मिनट तक ओलावृष्टि हुई.
जिसके कारण सड़कों, खेतों और मैदानों में बर्फ की परत बिछ गई. इसके बाद हुई तेज बारिश ने क्षेत्र में ठंडक और बढ़ा दी.
छत्तीसगढ़ में बादल-बारिश की स्थिति
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के असर से छत्तीसगढ़ में बादल और बारिश की स्थिति बन रही है.
इसका ज्यादा असर पूर्वी छत्तीसगढ़ में रहेगा. कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं.
प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में हल्के बादल रहेंगे. पश्चिमी विक्षोभ का असर दो दिन रहेगा.
पिछले दो दिनों से पूर्वोत्तर भारत में ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय पछुआ विक्षोभ लगातार आगे बढ़ रहा है.
बांग्लादेश से तेलंगाना तक दक्षिणी छत्तीसगढ़ से ओडिशा होते हुए एक द्रोणिका सक्रिय है.
जो बंगाल की खाड़ी एवं गंगेय क्षेत्रों से चक्रवाती परिसंचरण को पर्याप्त नमी की आपूर्ति कर रहा है.
बेमौसम बारिश का असर
बेमौसम बारिश का असर खेती किसानी पर भी पड़ सकता है.
आसमान में बादल छाए रहने व बारिश होने से सब्जी की फसल को ज्यादा नुकसान हो सकता है.
वहीं तिलहन, दलहन की तैयार फसल सहित अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है.
हालांकि रबी की फसल को बारिश से फायदा मिलेगा, लेकिन अधिक बारिश व ओलावृष्टि होने से रबी की फसल को भी नुकसान पहुंच सकता है.
दुर्ग सबसे रहा गर्म
गुरुवार को रात के तापमान में 4 से 5 डिग्री की बढोत्तरी हुई है.
प्रदेश में पिछले 24 घंटे में सबसे गर्म दुर्ग जिला रहा, यहां 35.2 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं 16.2 डिग्री के साथ पेन्ड्रा सबसे ठंडा रहा.
रायपुर में रात का पारा 21.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो औसत से 4 डिग्री अधिक है.
वहीं बिलासपुर में रात का तापमान 21.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा.
वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.3. डिग्री रहा. जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री रहा.
इसी प्रकार बिलासपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
जगदलपुर में अधिकतम तापमान 34.64डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री, राजनांदगांव में 34.5 डिग्री अधिकतम और 19 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है.