ट्रेन में चोरी हुए सामान के लिए रेलवे जिम्मेदार नहीं: छत्तीसगढ़ उपभोक्ता आयोग
रायपुर । संवाददाता: ट्रेन यात्रा के दौरान चोरी हुए सामान के लिए रेलवे प्रशासन को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. छत्तीसगढ़ के एक जिला उपभोक्ता आयोग ने गरीब रथ एक्सप्रेस में यात्री का सामान चोरी होने के मामले में दायर 5 लाख रुपये के मुआवजे के दावे को खारिज कर दिया है. आयोग ने स्पष्ट किया कि बिना बुक कराए (अनबुक्ड) यात्रियों द्वारा अपने साथ ले जाए जा रहे व्यक्तिगत सामान की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी स्वयं यात्री की होती है.
आयोग के अध्यक्ष डाकेश्वर प्रसाद शर्मा और सदस्य अनिल कुमार अग्निहोत्री तथा निरुपमा प्रधान की पीठ ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों और रेलवे अधिनियम की धारा 100 का हवाला देते हुए यह आदेश जारी किया.
आयोग ने टिप्पणी की कि भले ही यात्री ने अपने बैग को जंजीर से बांधकर रखा हो, फिर भी उसे यात्रा के दौरान सतर्क रहना और अपने कीमती सामान की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक सावधानी बरतना अनिवार्य है.
यह मामला अक्टूबर 2015 का है, जब एक परिवार कानपुर से रायपुर की यात्रा कर रहा था. सुबह रायपुर पहुंचने से ठीक पहले उन्हें अपना बैग गायब मिला, जिसमें कीमती गहने और कपड़े रखे हुए थे.
यात्री ने इसे रेलवे की सेवा में कमी बताते हुए उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया था. दूसरी ओर, रेलवे प्रशासन ने तर्क दिया कि यात्री ने यात्रा शुरू करने से पहले अपने कीमती सामान की कोई घोषणा नहीं की थी और न ही इसके लिए अतिरिक्त शुल्क देकर इसे बुक कराया था.
रेलवे कोचिंग टैरिफ के नियमों के अनुसार, डिब्बे के भीतर ले जाया जाने वाला व्यक्तिगत सामान यात्री की निजी देखरेख और जोखिम पर होता है. आयोग ने रेलवे के इस पक्ष को सही मानते हुए फैसला सुनाया कि जब सामान आधिकारिक रूप से बुक नहीं कराया गया हो, तो चोरी की स्थिति में इसे रेलवे की "सेवा में कमी" नहीं माना जा सकता.