अब 8 घंटे पहले तैयार होगा रिजर्वेशन चार्ट
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट बुकिंग सिस्टम में बड़े बदलाव करने जा रहा है. अब ट्रेन का रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन खुलने से 8 घंटे पहले तैयार होगा, जो पहले 4 घंटे पहले बनता था. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई योजनाओं की समीक्षा करते हुए इसे मंजूरी दी है.
यह बदलाव खासकर उन यात्रियों के लिए फायदेमंद होगा जो दूर-दराज से यात्रा करते हैं, क्योंकि उन्हें सीट की जानकारी जल्दी मिल जायेगी और वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के लिये अधिक समय मिलेगा.
रेलवे नई यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) दिसंबर 2025 तक शुरू करेगा, जो टिकट बुकिंग को स्मार्ट, पारदर्शी और सुलभ बनाएगा.
तत्काल टिकट बुकिंग के लिए भी सख्त नियम लागू होंगे.
रेल मंत्री ने कहा कि यात्री सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और नया सिस्टम यात्रियों को आरामदायक अनुभव देगा. अगर ट्रेन दोपहर 2 बजे से पहले रवाना होती है, तो रिजर्वेशन चार्ट एक दिन पहले रात 9 बजे तैयार होगा. यह व्यवस्था धीरे-धीरे लागू की जायेगी.