रायगढ़: प्रोफेसर को अगवा कर चाकू की नोंक पर कराया UPI ट्रांसफर
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से अपहरण और डिजिटल वसूली का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पुसौर थाना क्षेत्र के जाकेला गांव में शाम की सैर पर निकले एक डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपूरचंद गुप्ता को बेखौफ बदमाशों ने चाकू की नोंक पर अगवा कर लिया.
इसके बाद बदमाशों ने प्रोफेसर को बंधक बनाकर और उनके साथ मारपीट कर जबरन मोबाइल बैंकिंग ऐप्स का पासवर्ड हासिल कर लिया.
बदमाशों ने गूगल पे और भीम यूपीआई (BHIM UPI) के जरिए पीड़ित के बैंक खाते से लिमिट खत्म होने तक लगभग 1 लाख रुपये एक महिला के क्यूआर (QR) कोड पर ट्रांसफर करा लिए.
घटना के दौरान परिजनों को गुमराह करने के लिए प्रोफेसर से फोन भी करवाया गया, लेकिन परिजनों को शक हो गया और वे प्रोफेसर की लोकेशन ट्रैक करते हुए पांड्रीपानी गांव पहुंच गए.
परिजनों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके बाद पुलिस टीम ने प्रोफेसर को सुरक्षित छुड़ा लिया.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाकेला गांव के निवासी सुनील सारथी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने डिजिटल मनी ट्रेल की जांच करते हुए उस खाते और रकम को सीज कर दिया है, जिसमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे. फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई जारी है.