रायगढ़: कोल ब्लॉक जनसुनवाई रद्द करने की प्रक्रिया शुरू
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में कोयला खनन परियोजना के विरोध में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. गारे पेलमा सेक्टर-1 कोल ब्लॉक के लिए 8 दिसंबर को आयोजित जनसुनवाई को रद्द करने की प्रक्रिया जिला प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गई है.
रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल को पत्र लिखकर इस जनसुनवाई पर फिलहाल कोई भी अग्रिम कार्रवाई न करने का अनुरोध किया है.
गौरतलब है कि शनिवार को तमनार में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे और दर्जनों वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया था.
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने के बाद स्थिति बिगड़ी, जबकि प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों पर पथराव और आगजनी का आरोप लगाया है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए हिंसा की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है.
फिलहाल तमनार क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन ग्रामीणों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने के प्रयास में जुटा है.