रायगढ़: बंदी की जेल में मौत, पोस्टमार्टम में दम घुटने की पुष्टि
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में आबकारी कानून के तहत जेल भेजे गए एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया है. रविवार को आई प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि बंदी संजय बघेल की मौत 'एस्पिरेशन' यानी फेफड़ों में तरल पदार्थ या भोजन चले जाने के कारण दम घुटने से हुई है. मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संतोष कुमार के मुताबिक, अक्सर बेहोशी या अर्धचेतन की हालत में ऐसा होने का खतरा रहता है.
इस बीच, कोतरारोड पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक प्रधान आरक्षक और एक आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है.
इस संवेदनशील मामले को लेकर अब चौतरफा न्यायिक जांच शुरू कर दी गई है. जांच टीम जेल प्रबंधन, अस्पताल प्रशासन और मृतक के परिजनों से साक्ष्य जुटा रही है.
दरअसल, शनिवार को जेल के भीतर अचानक तबीयत बिगड़ने पर संजय को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
मौत की खबर मिलते ही गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए.
परिजनों का सीधा आरोप है कि बंदी के साथ जेल और पुलिस कस्टडी में मारपीट की गई और उससे अवैध वसूली व रिश्वत की मांग भी की जा रही थी.
बढ़ते जनाक्रोश और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया.
हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का पूरी तरह खुलासा विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल प्रशासन ने निष्पक्ष न्यायिक जांच का भरोसा दिलाकर स्थिति को नियंत्रित किया है.