मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

रायगढ़: एकतरफा प्यार के चक्कर में नाबालिग की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

C

CG Khabar

17 सित. 2026, 04:05 AM 2 मिनट में पढ़ें 17

हत्या
हत्या

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एकतरफा प्यार की वजह से 16 साल के एक नाबालिग लड़के की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई. कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत चक्रधर समारोह के दौरान हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों, शिवम बरेठ (20) और शिवम बानी (23), को गिरफ्तार कर लिया है. 


उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल खून से सने कपड़े और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है.

विज्ञापन


प्राप्त जानकारी के मुताबिक, लैलूंगा के घटगांव का रहने वाला धनुर्जय चौहान बीते 14 सितंबर की रात चक्रधर समारोह देखने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. अगले दिन मंगलवार की सुबह रामभांठा स्थित पुराने बस डिपो के पास एक खाली प्लॉट में उसका लथपथ शव बरामद हुआ. 


परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटना का साक्ष्य जुटाकर मर्ग कायम किया. जांच के दौरान सीसीटीवी और स्थानीय मुखबिरों से पुलिस को सुराग मिला कि नाबालिग को आखिरी बार दो युवकों के साथ देखा गया था.


पुलिस ने संदेह के आधार पर बैकुंठपुर निवासी दोनों युवकों को हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी शिवम बानी एक लड़की से एकतरफा प्यार करता था. चक्रधर समारोह के दौरान जब उसने धनुर्जय को उस लड़की के साथ देखा, तो वह आगबबूला हो गया. 


साजिश के तहत आरोपियों ने धनुर्जय को रामलीला मैदान के पास बुलाया, उसका मोबाइल छीन लिया और पैसों के बहाने सुनसान जगह ले गए. वहां आरोपियों ने नाबालिग को लड़की से दूर रहने की चेतावनी दी, जिस पर विवाद बढ़ गया. आक्रोश में आकर दोनों आरोपियों ने भारी पत्थर से धनुर्जय का सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.


वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर भाग निकले थे. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से एक शिवम बरेठ का आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले भी मारपीट के मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल पर क्राइम सीन री-क्रिएट कराया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP