रायगढ़: कहासुनी के बाद कुल्हाड़ी मारकर अधेड़ की हत्या
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले स्थित कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पखनाकोट में इलाज और आपसी विवाद के चलते 50 वर्षीय चैतराम यादव की टांगी से काटकर हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल हथियार को जंगल में एक पत्थर के नीचे छुपा दिया था.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की रात पखनाकोट निवासी चैतराम यादव अपने ही गांव के नैहर साय मांझी (45) के घर पहुंचा था. बताया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी ही चैतराम को बुलाकर लाई थी. देर रात दोनों के बीच स्वास्थ्य संबंधी इलाज और पुरानी बातों को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई.
बात बढ़ने पर गुस्से में आकर नैहर साय ने टांगी उठाकर चैतराम पर घातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात के अगली सुबह चैतराम का शव आरोपी के मकान के परछी में पड़ा मिला. घटना की जानकारी मृतक के भतीजे वासुदेव यादव को हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया. सूचना पाते ही कापू थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.
पुलिस ने संदेह के आधार पर जब नैहर साय मांझी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने स्वीकार किया कि हत्या के बाद उसने टांगी को छाताघुरा के जंगल में ले जाकर एक बड़े पत्थर के नीचे छिपा दिया था. पुलिस की टीम ने आरोपी को साथ ले जाकर जंगल से आला-ए-कत्ल जब्त किया और विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे सलाखों के पीछे भेज दिया.