रायगढ़: नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की जेल
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नाबालिग से दुष्कर्म और उसे गर्भवती करने के एक गंभीर मामले में फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट (FTSC) ने अपना फैसला सुनाया है. विशेष न्यायाधीश देवेंद्र यादव की अदालत ने मुख्य आरोपी 20 वर्षीय दीपक बुदुला को दोषी ठहराते हुए 20 साल के कठोर कारावास और 5,000 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है.
वहीं, साक्ष्यों के अभाव और पीड़िता के बयानों के आधार पर मामले के एक अन्य नामजद आरोपी शिवा पटनायक को अदालत ने दोषमुक्त करार देते हुए बरी कर दिया.
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब जनवरी 2025 में कान्हा अस्पताल में भर्ती एक नाबालिग बालिका ने नवजात शिशु को जन्म दिया. 20 जनवरी 2025 को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से जिला बाल संरक्षण इकाई को अस्पताल में नाबालिग के मां बनने की गुप्त सूचना मिली थी.
इसके बाद बाल संरक्षण टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मामले को संज्ञान में लिया और बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत होने के निर्देश दिए.
मार्च 2025 में हुई विस्तृत काउंसलिंग के दौरान पीड़िता ने अपने साथ हुई पूरी आपबीती सुनाई. पीड़िता के बयानों के अनुसार, मई 2023 में आरोपी दीपक बुदुला उसे झांसा देकर अपने घर ले गया था और वहां रखकर लंबे समय तक उसका यौन शोषण किया. इसी दौरान जुलाई 2024 में वह गर्भवती हो गई, जिसकी जानकारी उसे सितंबर में हुई.
बाद में इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की गई, जिसके आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया.
अदालत में सुनवाई के दौरान विशेष लोक अभियोजक गोविंद नारायण दुबे ने अभियोजन पक्ष की ओर से पीड़िता के बयानों और चिकित्सीय साक्ष्यों को प्रमुखता से रखा. अदालत ने प्रस्तुत सबूतों और गवाहों के आधार पर दीपक बुदुला को नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न का मुख्य दोषी पाया और सजा सुनाई, जबकि दूसरे आरोपी पर आरोप सिद्ध न होने के कारण उसे रिहा कर दिया गया.