रायगढ़: पत्नी की हत्या करने वाले पति को उम्रकैद
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घरघोड़ा स्थित अपर सत्र न्यायालय ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने वाले आरोपी अलवन तिग्गा को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. कारावास के साथ ही कोर्ट ने अपराधी पर 1000 रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया है.
यह पूरी घटना अप्रैल 2022 की है, जब लमडांड नावामुड़ापारा के निवासी अलवन तिग्गा का अपनी पत्नी ग्रेस तिग्गा के साथ भोजन को लेकर मामूली विवाद हुआ था. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने अपना आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी से ग्रेस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
हमले में ग्रेस के गले और छाती पर गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया था.
मामले की सुनवाई के दौरान अपर लोक अभियोजक राजेश सिंह ठाकुर ने पुख्ता सबूत पेश किए. दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने माना कि आरोपी ने बेरहमी से अपनी पत्नी की जान ली है, जिसके आधार पर उसे उम्रकैद की सजा से दंडित किया गया.