मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

रायगढ़: पूर्व सहपाठी का यौन शोषण और ब्लैकमेल, आरोपी गिरफ्तार

C

CG Khabar

13 जून 2026, 11:50 PM 3 मिनट में पढ़ें 17

रेप
रेप

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से ब्लैकमेलिंग और यौन शोषण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शख्स अपनी ही पुरानी सहपाठी को आपत्तिजनक वीडियो के दम पर पिछले छह वर्षों से प्रताड़ित कर रहा था. इस दौरान लोक-लाज और बदनामी के डर से पीड़िता ने आरोपी को लाखों रुपये के जेवरात और नकदी भी सौंप दी. आरोपी की लगातार बढ़ती मांग और धमकियों से तंग आकर पीड़िता ने आखिरकार पुलिस की शरण ली, जिसके बाद महिला थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया है.


पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी अनिल ईजारदार (३२ वर्ष) और पीड़िता ने १०वीं कक्षा में एक साथ पढ़ाई की थी. वर्ष २०१३ में महिला की शादी होने के बाद दोनों का संपर्क पूरी तरह टूट गया था. हालांकि, साल २०१९ में आरोपी ने फेसबुक के माध्यम से महिला को दोबारा खोज निकाला और फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर बातचीत का सिलसिला शुरू किया. इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप और फोन पर सामान्य चर्चा होने लगी.

विज्ञापन


वारदात की शुरुआत २५ दिसंबर २०२० को हुई, जब महिला अपने मायके जाने के लिए चंद्रपुर बस स्टैंड पर खड़ी थी. वहां अचानक अनिल अपनी कार लेकर पहुंचा और घर छोड़ने का झांसा देकर महिला को वाहन में बैठा लिया. रास्ते में एक सुनसान खेत के पास आरोपी ने गाड़ी रोक दी और महिला को अपनी बातों में फंसाकर कार के भीतर ही उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. इस दौरान आरोपी ने चोरी-छिपे वारदात का एक अश्लील वीडियो और कुछ तस्वीरें भी रिकॉर्ड कर लीं.


इस घटना के बाद से ही आरोपी का असली चेहरा सामने आया. उसने पीड़िता को वह अश्लील वीडियो उसके पति और ससुराल वालों को भेजने की धमकी देनी शुरू कर दी. बदनामी के खौफ से महिला उसके जाल में फंसती चली गई. बीते छह सालों में आरोपी ने डरा-धमकाकर न केवल उसका लगातार शारीरिक शोषण किया, बल्कि किस्तों में सोने-चांदी के गहने और कैश मिलाकर करीब ३५ लाख रुपये ऐंठ लिए.


इतनी बड़ी रकम वसूलने के बावजूद जब अनिल की लालच कम नहीं हुई और उसने और पैसों के लिए दबाव बनाना जारी रखा, तो पीड़िता अत्यधिक मानसिक तनाव में आ गई. प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्महत्या करने का भी मन बना लिया था, लेकिन फिर उसने हिम्मत जुटाई और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत महिला पुलिस स्टेशन में अपनी आपबीती दर्ज कराई.


शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी को उसके पैतृक गांव बंजारी (सारंगढ़-बिलाईगढ़) से गिरफ्तार कर लिया. 


कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद कार और आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है, जिसके बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
नदी में डूबने से मौत- कोरबा
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के कोरबा में तैरकर आजन नदी पार कर रहे 50 वर्षीय ग्रामीण की डूबने से मौत

4 घंटे पहले

होटल में छापा
छत्तीसगढ़

रायपुर लैब की रिपोर्ट: बिलासपुर के 9 नामी संस्थानों के घी, पनीर और दही में मानकों की अनदेखी

5 घंटे पहले

रवि टंडन और पत्नी बरखा टंडन- आरोपी
छत्तीसगढ़

रायपुर के होटल कारोबारी दंपती रवि टंडन और पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ FIR दर्ज

5 घंटे पहले

मां की हत्या
छत्तीसगढ़

जशपुर: खाना परोसने की बात पर अधजली लकड़ी से हमला कर ली मां की जान

11 घंटे पहले

रेलगाड़ी- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़

चांपा: अज्ञात युवक की ट्रेन दुर्घटना में मौत, शिनाख्त के लिए अस्पताल मॉर्चुरी भेजा शव

11 घंटे पहले

रेप
छत्तीसगढ़

रायगढ़ में झाड़-फूंक के नाम पर रेप और ठगी, तांत्रिक और महिला साथी गिरफ्तार

12 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP