पचमढ़ी में राहुल गांधी को 'सजा'- 10 पुश-अप लगाया
पचमढ़ी । डेस्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में देरी से पहुंचने के कारण सार्वजनिक रूप से 10 पुश-अप लगाकर 'सजा' पूरी करनी पड़ी.
संगठन सृजन अभियान के तहत रविवार को आयोजित कांग्रेस के इस प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी को शामिल होना था. बिहार में चुनावी प्रचार के बाद मध्य प्रदेश की इस सभा में पहुंचने में उन्हें थोड़ी देर हो गई और वह मात्र दो मिनट की देरी से शिविर में दाखिल हुए.
पार्टी सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी के पहुंचते ही प्रशिक्षण शिविर के प्रमुख सचिन राव ने उनसे कहा कि देर से आने के लिए उन्हें सजा भुगतनी होगी. जब राहुल ने पूछा कि उन्हें क्या करना होगा, तो सचिन राव ने मज़ाक में जवाब दिया, "कम से कम 10 पुश-अप!"
राहुल गांधी ने इसे स्वीकार कर लिया और बिना किसी झिझक के, सभी कार्यकर्ताओं के सामने 10 पुश-अप लगाए. राहुल गांधी अकेले नहीं थे; खबरों के मुताबिक, देरी से आने वाले कुछ ज़िला कांग्रेस अध्यक्षों को भी इसी तरह 'पसीना बहाना' पड़ा.
इस घटना पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता अभिनव बरोलिया ने कहा, "हमारे नेता राहुल गांधी के लिए यह कोई नई या चौंकाने वाली बात नहीं है. हम अपने शिविर में अनुशासन का सख्ती से पालन करते हैं. हमारी पार्टी में ऐसा लोकतंत्र है, जहां सभी सदस्य समान हैं. हमारी पार्टी बीजेपी की तरह नहीं है. यहां सभी के साथ समान व्यवहार किया जाता है." (File Photo)