बर्लिन में बोले राहुल: पीएम मोदी की आर्थिक नीतियों का मॉडल पूरी तरह फेल
नई दिल्ली । डेस्क: जर्मनी के बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल में छात्रों और शिक्षाविदों को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर कड़ा प्रहार किया. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आर्थिक मॉडल को 'एक्सट्रीम राइट' की ओर धकेल दिया है, जिसके कारण देश की आर्थिक व्यवस्था अब पूरी तरह ढह चुकी है.
उन्होंने कहा कि 1990 से 2012-13 तक जिस मॉडल ने देश के लिए काम किया, भाजपा और आरएसएस ने उसे अपनी विचारधारा के अनुसार खींचकर उस सीमा तक पहुंचा दिया जहां कांग्रेस कभी नहीं ले जाती.
राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी अब चाहकर भी नया आर्थिक मॉडल नहीं बना सकते क्योंकि वह 'अडानी और अंबानी' जैसे चुनिंदा उद्योगपतियों के हितों में बहुत अधिक निवेश कर चुके हैं.
उन्होंने कहा कि वर्तमान मॉडल की संभावनाएं चार-पांच साल पहले ही समाप्त हो चुकी थीं और अब भारत को एक ऐसे नए विजन की जरूरत है जो केवल 10 या 50 उद्योगपतियों के लिए नहीं, बल्कि समाज के वंचित और हाशिए पर रहने वाले वर्गों के लिए समृद्धि पैदा करे.
उन्होंने लोकतंत्र के भीतर उत्पादन बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक नए मॉडल की वकालत की.
विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन में अंतर्विरोधों के सवाल पर राहुल ने स्पष्ट किया कि गठबंधन की सभी पार्टियां आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ एकजुट हैं. हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि राज्यों में दलों के बीच 'रणनीतिक मुकाबले' जारी रहेंगे, लेकिन संसद और बड़े मुद्दों पर विपक्ष पूरी तरह एक है.
मतदान प्रणाली और हरियाणा का उदाहरण देते हुए उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि वे मौलिक रूप से हर भारतीय को समान नहीं मानते.
वहीं, इजरायल से हथियारों की खरीद के मुद्दे पर उन्होंने व्यावहारिक रुख अपनाते हुए कहा कि आत्मरक्षा के लिए भारत को सर्वश्रेष्ठ आपूर्तिकर्ताओं से हथियार खरीदने की जरूरत है और वह इसके खिलाफ नहीं हैं.