चीन को उत्पादन सौंपने से लोकतंत्र को खतरा- बर्लिन में राहुल गांधी
बर्लिन । डेस्क: जर्मनी के बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वैश्विक अर्थव्यवस्था और विनिर्माण को लेकर गंभीर चिंताएं जताई हैं. राहुल गांधी ने कहा कि भारत और पश्चिमी देशों ने वस्तुओं के उत्पादन का जिम्मा चीन को सौंप दिया है, जिसके कारण लोकतांत्रिक देशों में रोजगार सृजन की प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हुई है.
उनके अनुसार, 'मेड इन चाइना' सामानों के दबदबे ने भारत, अमेरिका और यूरोप में राजनीतिक उथल-पुथल और ध्रुवीकरण को जन्म दिया है. राहुल गांधी ने तर्क दिया कि यदि लोकतंत्र को खुद को सुरक्षित रखना है, तो उसे उत्पादन के अपने मॉडल विकसित करने होंगे, क्योंकि केवल सेवा क्षेत्र (सर्विस सेक्टर) के भरोसे बड़े पैमाने पर रोजगार देना संभव नहीं है.
उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत के पास उत्पादन के लिए आवश्यक क्षमता, लागत संरचना और जनसंख्या मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद देश उस स्तर पर उत्पादन नहीं कर पाया है.
इसी दौरान राहुल गांधी ने वैश्विक भू-राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लंबे समय से चला आ रहा अमेरिकी वर्चस्व अब प्रभावी रूप से चुनौती के घेरे में है. उन्होंने कहा कि 1990 से 2014 के बीच भारत को अमेरिकी नेतृत्व वाली एकध्रुवीय व्यवस्था से काफी लाभ हुआ, लेकिन अब अमेरिका सैन्य, आर्थिक और वित्तीय हर स्तर पर कमजोर हो रहा है.
उन्होंने अमेरिकी डॉलर और वहां की आंतरिक राजनीतिक स्थिति पर भी सवाल उठाए.
इससे पहले म्यूनिख में बीएमडब्ल्यू वर्ल्ड के दौरे पर राहुल ने दावा किया था कि भारत में विनिर्माण क्षेत्र गिर रहा है.
हालांकि, राहुल गांधी के इन बयानों पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी के दावों को 'फेक न्यूज' करार देते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में 495% की वृद्धि हुई है और निर्यात में 760% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
भाजपा ने इन आंकड़ों के जरिए राहुल गांधी के उन दावों को खारिज किया है जिनमें भारत की विकास गाथा पर सवाल उठाए गए थे.