आर प्रज्ञानानंद ने जीता ग्रैंड चेस टूर का खिताब, बने पहले भारतीय
नई दिल्ली । डेस्क: सेंट लुइस में खेले गए ग्रैंड चेस टूर के रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंद ने शानदार वापसी करते हुए इतिहास रच दिया है. 21 वर्षीय प्रज्ञानानंद ने अमेरिका के दिग्गज खिलाड़ी फेबियानो कारूआना को 15-13 से हराकर पहली बार ग्रैंड चेस टूर (GCT) का खिताब अपने नाम किया.
वह इस प्रतिष्ठित खिताब पर कब्जा जमाने वाले पहले भारतीय शतरंज खिलाड़ी बन गए हैं. इस ऐतिहासिक जीत के साथ उन्हें 2,00,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि मिली.
सेंट लुइस चेस क्लब में खेले गए मुकाबले के अंतिम दिन प्रज्ञानानंद शुरुआत में कारूआना से छह अंक पीछे चल रहे थे. इसके बाद उन्होंने जबरदस्त खेल दिखाते हुए दोनों रैपिड मुकाबलों में जीत हासिल की और दो अंकों की बढ़त बना ली.
इसके बाद हुए चार ब्लिट्ज़ मुकाबलों में से दोनों खिलाड़ियों ने एक-एक मैच जीता और दो ड्रॉ रहे. कारूआना ने अंतिम क्षणों में वापसी की कोशिश की, लेकिन प्रज्ञानानंद ने आखिरी ब्लिट्ज़ गेम ड्रॉ कराकर 15-13 की निर्णायक बढ़त बनाए रखी और जीत अपने नाम कर ली.
इस खिताबी जीत के साथ प्रज्ञानानंद ने अगले साल के ग्रैंड चेस टूर के लिए भी अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है. उनके साथ फेबियानो कारूआना और अमेरिका के वेस्ली सो भी अगले सीजन के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं.
पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद के मार्गदर्शन में निखर रहे चेन्नई के इस युवा खिलाड़ी के लिए यह साल बेहद शानदार रहा है. इससे पहले उन्होंने नॉर्वे चेस का खिताब जीतकर इतिहास रचा था, जिसमें उन्होंने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को दो बार पराजित किया था.