अमित शाह से सवाल: दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी?
नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित सामूहिक बलात्कार और बर्बरतापूर्वक हत्या के मामले को लेकर राजनीति गरमा गई है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस खौफनाक वारदात को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जारी एक संदेश में राहुल गांधी ने राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली अब केवल देश की राजधानी नहीं रही, बल्कि महिलाओं के लिए आए दिन एक डरावनी कहानी बनती जा रही है.
राहुल गांधी ने सीधा सवाल पूछते हुए लिखा, "अमित शाह जी, दिल्ली पुलिस आपके नियंत्रण में है. आखिरकार महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है?"
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस का काम सिर्फ आम नागरिकों को डराने-धमकाने तक सीमित होकर रह गया है, जबकि अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं. उन्होंने इस मामले में आपराधिक लापरवाही की जवाबदेही तय करने, दोषियों के खिलाफ त्वरित व सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के बिना भारत आगे नहीं बढ़ सकता.
क्या है पूरा मामला?
यह सनसनीखेज मामला दिल्ली के स्वरूप नगर स्थित कुशक रोड का है, जहाँ एक खुले खेत में 17 वर्षीय लड़की का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार, पीड़िता के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी गई, जिसके बाद शव को छुपाने की नीयत से फेंक दिया गया. शव इस कदर खराब हो चुका था कि शुरुआती दौर में पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था.
सीसीटीवी की मदद से चार आरोपी गिरफ्तार
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जांच तेज की और क्षेत्र के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज के जरिए अपराध में इस्तेमाल किए गए एक टेंपो का सुराग मिला, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पकड़ लिया. पकड़े गए आरोपियों में मुख्य वयस्क आरोपी 19 वर्षीय शिवम उर्फ सुदामा उर्फ चुचू शामिल है, जबकि अन्य तीन आरोपी नाबालिग (16 और 17 वर्ष) हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू और टेंपो को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.