पुरी: सांता क्लॉज की टोपी बेच रहे विक्रेताओं से बदसलूकी
पुरी । डेस्क: ओडिशा के पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के पास सड़क किनारे सांता क्लॉज की टोपी और क्रिसमस से जुड़ा सामान बेच रहे विक्रेताओं को एक समूह द्वारा प्रताड़ित और अपमानित करने का मामला सामने आया है. एक एसयूवी में आए चार युवकों ने, जिनमें से एक पीले कपड़े पहने हुए था, बुजुर्ग दंपत्ति सहित कई विक्रेताओं को अपना सामान समेटकर शहर छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में हमलावर विक्रेताओं से उनकी धार्मिक पहचान और राज्य के बारे में पूछताछ करते हुए उन्हें धमकाते नजर आ रहे हैं.
धमकी देने वाले युवकों ने विक्रेताओं से कहा, “यह हिंदू राष्ट्र है, यहाँ ईसाइयत का सामान नहीं चलेगा.” जब एक वेंडर ने बताया कि वह हिंदू है और केवल अपनी जीविका चलाने के लिए यह सामान बेच रहा है, तो आरोपियों ने और आक्रोशित होकर कहा कि अगर गरीब हो तो भगवान जगन्नाथ से जुड़ी चीजें बेचो, ईसाई धर्म की नहीं.
समूह ने विक्रेताओं से उनके आधार कार्ड और स्थानीय प्राधिकरण के परमिट भी मांगे और उन्हें पुलिस के हवाले करने की धमकी दी. स्थानीय फोटो जर्नलिस्ट के मुताबिक, डर के मारे वे सभी वेंडर वहां से जा चुके हैं.
इस घटना पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने संलिप्तता से इनकार किया है, हालांकि बजरंग दल के स्थानीय समन्वयक ने कहा कि मंदिर के पास ऐसे उत्पादों की बिक्री नहीं होनी चाहिए.
विपक्षी दल बीजद (BJD) ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे ओडिशा की छवि खराब करने वाला बताया है. जगन्नाथ मंदिर के सेवादारों ने भी इस व्यवहार को जगन्नाथ संस्कृति के खिलाफ बताते हुए कहा कि पुरी में सभी धर्मों का सम्मान होता है.
पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज नहीं किया है, लेकिन वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.