रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

युक्तियुक्तकरण के विरोध में आप का धरना प्रदर्शन, DEO दफ्तर का घेराव

युक्तियुक्तकरण के विरोध में आप पार्टी का धरना प्रदर्शन

H

Hupendra Sharma

11 जुल. 2025, 02:03 PM 2 मिनट में पढ़ें 15

युक्तियुक्तकरण का विरोध
युक्तियुक्तकरण का विरोध

बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में युक्तियुक्तकरण के विरोध में आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन किया. राजधानी रायपुर और न्यायधानी बिलासपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में जिला शिक्षा अधिकारी और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया.


बिलासपुर में आप कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर 'मधुशाला नहीं, पाठशाला चाहिए' के नारे भी लगाए.

विज्ञापन


आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार शिक्षा नीति के मोर्चो पर विफल है. युक्तियुक्तकरण के नाम पर हज़ारों स्कूलों को बंद कर देने के बाद कई स्कूल शिक्षक विहीन हो गए हैं. 


उन्होंने आरोप लगाया है कि 63 हजार शिक्षकों के पदों को भरने की नाकामी को छुपाने 10 हजार स्कूल बंद दिए. यहां के युवाओं को नौकरी नहीं देना पड़े इसलिए युक्तियुक्तकरण किया गया है. 


प्रदेश संगठन महामंत्री जसबीर सिंग ने कहा कि युक्तियुक्तकरण के तहत कई स्कूलों को आपस में मिलाने से इसके नतीजे कई जगहों पर नकारात्मक साबित हो रहे हैं. छात्रों को अब 3 से 5 किमी दूर स्कूल जाना पड़ रहा है. इससे बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित हुई है. कई स्कूलों में तो अब विषय विशेषज्ञ शिक्षक ही नहीं हैं. बच्चों को बिना गणित और विज्ञान शिक्षक के पढ़ाई करनी पड़ रही है.


प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला ने कहा कि युक्तियुक्तकरण के बाद स्कूलों में शिक्षकों की कमी हो गई है. तीन कक्षाओं के लिए केवल एक अंग्रेजी शिक्षक हैं, जो विज्ञान की कक्षाएं भी लेते हैं.


बोदरी पार्षद विजय वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो गई है. बच्चों को पढ़ाई लिखाई छोड़कर प्रदर्शन करना पड़ रहा है. बिलासपुर से लेकर बस्तर, सरगुजा, कांकेर सहित ग्रामीण आदिवासी बहुल इलाकों में छात्र शिक्षकों के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं. अब तो बच्चे खुद स्कूल में ताला लगा रहे हैं.


आम आदमी पार्टी के नेताओं ने राज्य सरकार से मांग की है कि युक्तियुक्तकरण को सरकार तुरंत रद्द करें. नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में शिक्षा में सुधार नहीं होता है तो पूरे छत्तीसगढ़ में प्रभावित जनता के साथ मिलकर इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP