कागज नहीं, 'माय डीड' से होगा संपत्ति का रजिस्ट्रेशन
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में जमीन की रजिस्ट्री अब पूरी तरह ऑनलाइन और कागज रहित (पेपरलेस) हो गई है. सरकार ने ‘माय डीड’ डिजिटल व्यवस्था को राज्य के सभी पंजीयन कार्यालयों में 10 जुलाई से अनिवार्य कर दिया है.
आम लोगों की सुविधा, पारदर्शिता और दस्तावेजों की सुरक्षा के उद्देश्य से पंजीयन प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल और सरल बनाया गया है.
अब दस्तावेज तैयार करने से लेकर रजिस्ट्री तक की प्रक्रिया कंप्यूटर और इंटरनेट के माध्यम से ही होगी.
इससे रजिस्ट्री से जुड़ी सभी सेवाएं घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे. इसके लिए बार-बार पंजीयन कार्यालयों के चक्कर लगाने नहीं पड़ेंगे.
महानिरीक्षक पंजीयन ने एनआईसी पुणे और मंत्रालय के तकनीकी विशेषज्ञों को व्यवस्था करने और सभी कार्यालयों को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए हैं.
साथ ही जिला और उप पंजीयकों को भी आदेश दिए गए हैं कि आम जनता को इस व्यवस्था की जानकारी समय रहते दी जाए.
इन जिलों में अब अनिवार्य
पहले चरण में यह व्यवस्था नवागढ़ (बेमेतरा), डौंडीलोहारा (बालोद), नगरी (धमतरी) और पथरिया (मुंगेली) में 27 जून से लागू की गई थी.
अब दूसरे चरण में 18 और कार्यालयों में इसे शुरू किया गया है. जिसमें बालोद (डल्लीराजहरा), बलौदाबाजार (कसडोल), बलरामपुर (राजपुर), बस्तर (कोण्डागांव), बेमेतरा (साजा), बिलासपुर (मरवाही), दुर्ग (बोरी), गरियाबंद, जांजगीर (अकलतरा), जशपुर (कुनकुरी), कबीरधाम (बोड़ला), कांकेर (भानुप्रतापपुर), कोरबा (पाली), कोरिया (बैकुंठपुर), रायपुर (टिल्दा-नेवरा), राजनांदगांव (मोहला), सुरजपुर (प्रतापपुर), सरगुजा (सीतापुर) शामिल हैं.
इसके साथ ही पूरे राज्य में यह प्रणाली अनिवार्य हो गई है.
क्या है 'माय डीडी'
'माय डीड’ प्रणाली से दस्तावेजों की जांच, स्वीकृति और रजिस्ट्री घर बैठे हो सकेगी. इसके लिए रजिस्ट्री कार्यालय जाने की जरुरत नहीं है.
छत्तीसगढ़ के किसी जिले में संपत्ति खरीदने के बाद रजिस्ट्री कराने सबसे पहले 'माय डीड' प्रणाली के तहत ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर संपत्ति का विवरण दर्ज करना होगा.
इसके बाद एक ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे. फिर ऑनलाइन शुल्क का भुगतान कर अपनी सुविधा के अनुसार रजिस्ट्री के लिए समय और तिथि बुक कर सकते हैं.
'माय डीड' प्रणाली में दस्तावेज तैयार करने से लेकर रजिस्ट्री तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, इसलिए किसी भी प्रकार के भौतिक दस्तावेजों को जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी.
आ सकती हैं ये दिक्कतें
माना जा रहा है कि 'माय डीड' प्रणाली में ग्रामीण और बुजुर्गों को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
कम्प्यूटर या मोबाइल नहीं चलाने वालों को दस्तावेज तैयार करने में परेशानी हो सकती है.
इसके अलावा सर्वर और सिस्टम की भी दिक्कतें हैं. कई जगहों पर इंटरनेट की धीमी गति और साइबर कैफे जैसे सुविधाएं नहीं हैं.
साथ ही दलाल भी सक्रिय हो सकते हैं. तकनीकी जानकारी के अभाव में लोग फिर से बिचौलियों पर निर्भर हो सकते हैं.