पेंड्रा सर्राफा हत्याकांड का मुख्य आरोपी झारखंड से गिरफ्तार
देवघर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में बीते 26 मई को हुए मशहूर व्यवसायी प्रदीप सोनी हत्याकांड और लूटकांड मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने झारखंड के देवघर जिले से इस मामले के मुख्य आरोपी मनीष मंडल उर्फ नागमणि को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने स्थानीय कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड हासिल कर आरोपी को अपने साथ ले गई है. देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने शुक्रवार को इस गिरफ्तारी की पुष्टि की.
पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रामचंद्रपुर मोड़ के पास एक ऑटोमोबाइल पार्ट्स की दुकान के ऊपर बने किराए के कमरे में छापेमारी की.
आरोपी मनीष मंडल मूल रूप से बिहार के बांका जिले का रहने वाला है और यहाँ अपनी पहचान छिपाकर अपने ही गांव के एक अन्य युवक के साथ रह रहा था. इस सफल छापेमारी में स्थानीय जसीडीह पुलिस ने भी सहयोग किया.
गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने लूटे गए आभूषणों को भी बरामद कर लिया है, जिसमें लगभग 50 ग्राम सोना और 1 किलोग्राम चांदी के गहने शामिल हैं.
गौरतलब है कि 26 मई को पेंड्रा में अज्ञात अपराधियों ने आभूषण व्यवसायी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी थी और गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे. पुलिस के अनुसार, मनीष मंडल छत्तीसगढ़ और बिहार का एक शातिर और मोस्ट वांटेड अपराधी है, जिसके खिलाफ दोनों राज्यों में हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं.