20 नवंबर को छत्तीसगढ़ आएंगी राष्ट्रपति
रायपुर | संवाददाता: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगी. उनका यह दौरा अंबिकापुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए है. राष्ट्रपति के आगमन को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार, इस वर्ष से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में इस अवसर को बड़े स्तर पर मनाने की योजना बनाई गई है.
इस मौके पर 19 और 20 नवंबर को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में भव्य दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति होगी. वे मुख्य अतिथि के रूप में इस आयोजन में शामिल होकर प्रदेश के जनजातीय समुदायों के साथ संवाद करेंगी और अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी.