राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बस्तर दशहरा के प्रसिद्ध 'मुरिया दरबार' में होंगी शामिल
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर को जगदलपुर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 'मुरिया दरबार' में शिरकत करेंगी. राष्ट्रपति की इस गरिमामयी मौजूदगी से बस्तर की अनूठी जनजातीय परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी.
करीब 75 दिनों तक चलने वाला बस्तर दशहरा दुनिया का सबसे लंबा चलने वाला लोक पर्व है, जो पारंपरिक रावण दहन से इतर मां दंतेश्वरी की आराधना, स्वदेशी रीति-रिवाजों और सामुदायिक सहभागिता पर आधारित है. मुरिया दरबार इस पर्व के समापन चरण का सबसे अहम पड़ाव होता है.
यह एक पारंपरिक सार्वजनिक सभा है, जहां बस्तर के मांझी, मुखिया, पारंपरिक आदिवासी प्रतिनिधि और आम नागरिक प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर अपनी समस्याएं, शिकायतें और विचार साझा करते हैं. ऐतिहासिक रूप से यह दरबार बस्तर के राजा द्वारा आयोजित किया जाता था, जो अब सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का प्रतीक बन चुका है.
इसके बाद विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आईं देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को देव विदाई दी जाती है.
राष्ट्रपति मुर्मू लगातार बस्तर की कला और संस्कृति के प्रति अपनी आत्मीयता जताती रही हैं. इससे पहले भी उन्होंने राष्ट्रपति भवन में बस्तर के मांझी और चालकियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी विरासत की सराहना की थी, साथ ही 'बस्तर पांडुम' कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की प्राचीन परंपराओं को सहेजते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ने पर जोर दिया था.
गौरतलब है कि बीते वर्ष केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुरिया दरबार में भाग लेकर जनजातीय समाज से संवाद किया था.