VB-G RAM G: अधिकार नहीं, बजट आधारित कानून- प्रशांत भूषण
नई दिल्ली । डेस्क: वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि हाल ही में पारित 'विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)' यानी VB-G RAM G बिल के माध्यम से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA) को व्यावहारिक रूप से समाप्त कर दिया गया है. उन्होंने चिंता जताई कि सरकार ने न केवल योजना का नाम बदला है, बल्कि इसकी पूरी संरचना ही बदल दी है.
भूषण के अनुसार, मनरेगा एक अधिकार-आधारित योजना थी जिसमें हर ग्रामीण परिवार को न्यूनतम मजदूरी पर 100 दिनों के काम का कानूनी अधिकार प्राप्त था, लेकिन नए बिल ने इसे पूरी तरह 'बजट-आधारित' बना दिया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि अब यह सरकार तय करेगी कि वह कितना फंड देगी और राज्यों को कितना हिस्सा देना होगा, जिससे काम के मौलिक अधिकार का महत्व खत्म हो जाएगा.
प्रशांत भूषण ने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार पहले से ही फंड रोककर इसे कमजोर कर रही थी, लेकिन अब कानूनी रूप से इसे खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए गए हैं.
इसके अलावा, उन्होंने डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण (DPDP) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता में राजद्रोह के प्रावधानों पर भी सवाल उठाए.
उन्होंने कहा कि UAPA और PMLA जैसे कानूनों का इस्तेमाल कर अभिव्यक्ति की आजादी को कुचलने के प्रयास किए जा रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए एक गंभीर चेतावनी है.