जयपुर के परीक्षा केंद्र में फिर बत्ती गुल: AIIMS CRE परीक्षा भी रद्द
जयपुर । डेस्क: जयपुर के सीतापुरा स्थित टीसीएस आईओन डिजिटल ज़ोन में लगातार दूसरे दिन बिजली गुल होने से परीक्षाओं के आयोजन पर बड़ा असर पड़ा है. NEET-PG 2026 में आई बाधा के ठीक 24 घंटे बाद, इसी केंद्र (RJ0101 और RJ0102) पर आयोजित 'एम्स कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन' (CRE) 2026 को भी आंतरिक बिजली सप्लाई ठप्प होने के कारण रद्द करना पड़ा है.
इस गड़बड़ी से प्रभावित अभ्यर्थियों के हित और परीक्षा की पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए एम्स प्रशासन ने अब 7 सितंबर को नए केंद्रों पर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है.
31 अगस्त और 1 सितंबर को तीन शिफ्टों में आयोजित हो रही इस परीक्षा के जरिए एम्स और अन्य केंद्रीय स्वास्थ्य संस्थानों में जूनियर प्रशासनिक सहायक, स्टेनोग्राफर, हॉस्टल वार्डन जैसे ग्रुप 'बी' और 'सी' के विभिन्न पदों पर भर्ती की जानी है.
जयपुर के इन दो केंद्रों पर कुल 2,000 उम्मीदवार पंजीकृत थे, जिनमें से 1,778 उम्मीदवार परीक्षा दे रहे थे तभी बिजली सप्लाई बाधित हो गई.
हालांकि, देश भर में बाकी सभी केंद्रों पर परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जहां पहली शिफ्ट में पंजीकृत 21,098 उम्मीदवारों में से 16,193 उपस्थित रहे. एम्स ने इस पूरे मामले पर सेवा प्रदाता कंपनी टीसीएस से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और सीसीटीवी फुटेज व सिस्टम लॉग सुरक्षित रखने के सख्त निर्देश जारी किए हैं.