गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

सत्ता मनुष्य को बांटती है और कविता जोड़ती है- सियाराम शर्मा

छत्तीसगढ़ के रायपुर में जसम द्वारा सृजन संवाद का आयोजन

C

CG Khabar

03 जून 2025, 02:44 PM 3 मिनट में पढ़ें 18

सृजन संवाद
सृजन संवाद

रायपुर | संवाददाताः व्यवस्था और सत्ता मनुष्य को बांटने का काम करती है, लेकिन एक अच्छी कविता या रचना मनुष्य को मनुष्य से, प्रकृति से, समाज से और विश्व से जोड़ती है. यह कहना है जाने-माने आलोचक सियाराम शर्मा का. सियाराम शर्मा जन संस्कृति मंच ( जसम ) की रायपुर इकाई द्वारा सोमवार को आयोजित कार्यक्रम सृजन संवाद में बोल रहे थे. उन्होंने सृजन संवाद में शामिल रचनाकारों को इस बात के लिए बधाई दी कि वे अपनी सृजनशीलता के जरिए नफ़रत और बांटने वाली शक्तियों से डटकर मुकाबला कर रहे हैं.


वरिष्ठ लेखिका जया जादवानी ने लेखन पर बात करते हुए कहा कि जो रचनाकार स्पष्ट विचार के साथ लिखने की कला सीख जाता है उसका लिखा याद रखा जाता है. हर लेखक की एक विशिष्ट शैली होती है और लेखक अपनी विशिष्ट शैली से रचनात्मक हस्तक्षेप करते रहता है. उन्होंने कहा कि जब कोई विषय यूनिक होता है तो पाठक अपने प्रिय लेखक को पसंद करने लगता है.

विज्ञापन


कार्यक्रम की शुरुआत युवा कवि वसु गंधर्व के गायन से हुई. इस दौरान वसु ने अपनी दो कविताओं का पाठ भी किया. कवियित्री नीलिमा मिश्रा ने कोरोना काल में लिखी कविता 'पेट की आग' का पाठ किया, जिसमें मजदूरों के घर लौटने की विभीषिका का वर्णन देखने को मिला.


मधु सक्सेना ने 'हवा आने दो' शीर्षक से पढ़ी कविता में समय की कुरूपता को रेखांकित किया. सम-सामयिक विषयों पर लगातार लिखने वाली सनियारा ख़ान ने 'टेरेसा को चिल्लाने वाला आदमी' शीर्षक से जीवंत कहानी प्रस्तुत की.


दिलशाद सैफ़ी ने 'सियासी रंग' कविता को पढ़ते हुए सांप्रदायिकता के वीभत्स चेहरे को उजागर किया. सुनीता शुक्ल द्वारा गोरख पांडे के चर्चित गीत 'समाजवाद बबुआ धीरे-धीरे आई' का प्रस्तुतीकरण सराहनीय रहा. मोहम्मद मुसय्यब ने ग़ज़ल प्रस्तुत की उनके शेर 'मौन को मौत समझा जाता है, बोलिए बोलना जरूरी है' को श्रोताओं ने सराहा. रूपेंद्र तिवारी ने 'अजिहा की संदूकची', 'हमें फर्क नहीं पड़ता', 'कबरबिज्जू' और 'राजा' शीर्षक से धारदार कविताएं पढ़ी.


डॉ. संजू साहू 'पूनम' ने 'भूख' कविता के जरिए बस्तर के जन-जीवन का कटु यथार्थ प्रस्तुत किया. कवि और उपन्यासकार समीर दीवान ने मानवीय संबंधों के कोलाज को 'उपस्थिति' कविता में पिरोकर पढ़ते हुए श्रोताओं को भावुक कर दिया.


युवा शायर आफ़ाक़ अहमद ने भी अपनी ग़ज़लों का वाचन किया. वहीं मौली चक्रवर्ती ने रविन्द्र संगीत के साथ सुमधुर गायन की प्रस्तुति दी. वरिष्ठ कवि सिरिल साइमन ने 'नरभक्षी' कविता के माध्यम से पेड़ को बिंब बनाते हुए भयाक्रांत परिवेश का चित्रण किया.


युवा शायर इमरान अब्बास ने तरन्नुम में ग़ज़ल पढ़ी. अजय कुमार शुक्ल ने सामयिक कविता 'दरवाजे खिड़कियां बंदकर कब तक बचोगे?' का पाठ किया. वरिष्ठ शायर आलिम नकवी की नज़्म को पसंद किया गया. देश के अखिल भारतीय मुशायरों में शिरकत करने वाले शायर सुखनवर हुसैन रायपुरी ने चुनिंदा ग़ज़लें तरन्नुम में पढ़ी. वरिष्ठ शायर जावेद नदीम नागपुरी ने अपनी शायरी में देश के मौजूदा हालात का बखान किया.


इस आयोजन में कवियों और शायरों के अलावा महत्वपूर्ण रचनाकारों ने हिस्सेदारी दर्ज की. सभी रचनाकारों ने अपनी रचनाओं के जरिए यह संदेश दिया कि मनुष्य और मनुष्यता को बचाना बहुत जरूरी है.


कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रगतिशील लेखक संघ के वरिष्ठ लेखक रवि श्रीवास्तव ने की. उन्होंने रचनाकारों को जन सरोकारों के साथ रचना पाठ करने के लिए बधाई दी.


वरिष्ठ शायर रज़ा हैदरी ने कहा कि जो रचनाकार अल्फाज़ की महत्ता को समझ जाता है, वह यह बात भी बखूबी जान जाता है कि दुनिया को खूबसूरत कैसे बनाना है. उन्होंने कालीदास पर अपनी चर्चित नज़्म का वाचन भी किया जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा.


कार्यक्रम का संचालन युवा शायर मीसम हैदरी ने किया. इस दौरान उन्होंने 'दो जून की रोटी' शीर्षक से रचना का पाठ किया. आभार प्रदर्शन जसम रायपुर के सचिव इंद्र कुमार राठौर ने किया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
दुर्ग: देर रात सांस्कृतिक आयोजन के बीच 13 साल की मासूम से दुष्कर्म
छत्तीसगढ़

दुर्ग: देर रात सांस्कृतिक आयोजन के बीच 13 साल की मासूम से दुष्कर्म

14 घंटे पहले

धान खरीदी केन्द्र
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: धान के बदले दूसरी फसल चुनने वाले किसानों को अब प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की सहायता

15 घंटे पहले

कोरबा में सड़क दुर्घटना में 1 मृत
छत्तीसगढ़

कोरबा: तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से स्कूटी सवार अमित सागर की मौत

19 घंटे पहले

स्मृति ईरानी- छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: धरमजयगढ़ में जुटेंगे दिग्गज, तैयारियों को परखने आ रहीं स्मृति ईरानी

एक दिन पहले

भूपेश बघेल पूर्व मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़

राम-कृष्ण को बांटने का काम कर रहे कथावाचक: भूपेश बघेल

एक दिन पहले

ACB-EOW
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: ACB ने 20 साल पुराने रिश्वत कांड में राकेश शर्मा और मुजीब शाह के खिलाफ पेश की चार्जशीट

एक दिन पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP