बंगाल की कानून-व्यवस्था और GST पर छिड़ी सियासी जंग
नई दिल्ली । डेस्क: लोकसभा में बजट सत्र के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के बीच जोरदार जुबानी जंग देखने को मिली. वित्त मंत्री ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला करते हुए राज्य में 'बम संस्कृति' विकसित होने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि बंगाल में कानून का नहीं बल्कि बमों का शासन चलता है. अपने संबोधन में उन्होंने जून 2025 में नदिया के कालीगंज में हुई एक घटना का जिक्र किया, जहाँ कथित तौर पर टीएमसी के विजय जुलूस के दौरान बमबारी में एक नौ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई थी.
सीतारमण ने यह भी दावा किया कि कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहने के कारण मुख्यमंत्री महिलाओं को शाम के बाद बाहर न निकलने की सलाह देती हैं.
वहीं, बजट में बंगाल की अनदेखी और 'टैक्स के जाल' वाले अभिषेक बनर्जी के आरोपों को खारिज करते हुए वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि शिक्षा, दूध और अंतिम संस्कार की सामग्रियों पर लगाए जा रहे जीएसटी के दावे भ्रामक हैं.
इसके जवाब में अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर पलटवार करते हुए कहा कि वित्त मंत्री तथ्यों की जांच करने की जहमत नहीं उठातीं. टीएमसी ने 'दो भारत' का मुद्दा उठाते हुए तंज कसा कि एक भारत निर्मला सीतारमण का है जहाँ सब कुछ सस्ता है, जबकि वास्तविक भारत में गरीब माताओं को पाउडर वाले दूध पर 5% और पेंसिल-कॉपी जैसे शिक्षा के सामान पर 12% जीएसटी देना पड़ रहा है.
टीएमसी ने यह भी दोहराया कि मेडिकल ऑक्सीजन और इंसुलिन जैसी जीवन रक्षक दवाओं पर भी टैक्स का बोझ जनता को झेलना पड़ रहा है.