राजनीति का फोकस हिंदू-मुस्लिम से हटाकर रोजगार पर हो: अभिजीत दिपके
मुंबई । डेस्क: 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दिपके ने देश की मौजूदा राजनीतिक दिशा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि पिछले एक दशक से देश की राजनीति सिर्फ हिंदू-मुस्लिम एजेंडे के इर्द-गिर्द सिमट कर रह गई है. उन्होंने सरकार से अपनी प्राथमिकताएं बदलने की मांग करते हुए बेरोजगारी को देश का सबसे गंभीर मुद्दा बताया.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़े प्रदर्शन का नेतृत्व करने के बाद, अभिजीत दिपके ने छत्रपति संभाजीनगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने नीट (NEET) पेपर लीक मामले और सीबीएसई ओएसएम (CBSE OSM) की गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की अपनी मांग को फिर दोहराया.
दिपके ने कहा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद उनकी पार्टी देश की शिक्षा व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव के लिए एक नया एजेंडा तैयार करेगी.
अभिजीत दिपके ने कॉकरोच जनता पार्टी के इस आंदोलन की तुलना पड़ोसी देशों में हुए हिंसक प्रदर्शनों से किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने साफ किया कि सीजेपी पूरी तरह से 'जेन जी' (Gen Z) यानी आज के युवाओं का आंदोलन है और यह पूरी तरह शांतिपूर्ण है.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका संगठन किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगा, हालांकि बाहर से मिलने वाले समर्थन का स्वागत है.
देश में लगातार लीक हो रहे सरकारी परीक्षाओं के पेपर पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि जब किसी कंपनी में गड़बड़ी होती है तो जिम्मेदार व्यक्ति को हटा दिया जाता है, लेकिन यहां इतनी बड़ी लापरवाही के बाद भी कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है.
उन्होंने सवाल उठाया कि जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक यह कैसे माना जाए कि सरकार अपनी गलती स्वीकार कर रही है.
इसके साथ ही उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को निशाना बनाए जाने और उन्हें कथित तौर पर 'पाकिस्तानी' करार देने की कोशिशों की भी आलोचना की.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बयानों पर पलटवार करते हुए दिपके ने कहा कि महाराष्ट्र एक प्रगतिशील राज्य है. उन्होंने सवाल किया कि क्या बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर दिखाना या 'जय भीम' का नारा लगाना सत्ता पक्ष की नजर में अराजकता है?
दिपके ने कहा कि युवाओं का यह आंदोलन आने वाले समय में और बड़े पैमाने पर लेकिन पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगा.