उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में शिकार की साजिश नाकाम: 2 गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: रायपुर और गरियाबंद वन विभाग की टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर ओडिशा से सटे सीमावर्ती इलाके में बड़ी कार्रवाई की है. उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR) में अवैध शिकार के इरादे से घुसे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई 1 अप्रैल को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें छत्तीसगढ़ की वन टीम ने ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के बोडेन थाना क्षेत्र अंतर्गत गंतियापाड़ा काटफर गांव में दबिश दी.
कुल्हाड़ीघाट बफर रेंज के अधिकारी दिनेश चौधरी के नेतृत्व में की गई इस तलाशी के दौरान जयराम पहारिया नामक व्यक्ति के घर से दो धनुष, पांच तीर और शिकार में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक घंटी (घुर्रू) बरामद की गई.
वन विभाग ने जयराम और उसके साथी बरनासिंग पहारिया को हिरासत में लिया है.
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के अंधेरे में घातक हथियारों के साथ टाइगर रिजर्व में शिकार के लिए दाखिल हुए थे. उन्होंने पूर्व में हुई शिकार की घटनाओं में शामिल अन्य ग्रामीणों के नामों का भी खुलासा किया है, जिनकी तलाश में वन विभाग छापेमारी कर रहा है.
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 2, 9, 27, 29, 31, 51 और 52 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
7 अप्रैल 2026 को उन्हें गरियाबंद के न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
इस अंतर्राज्यीय ऑपरेशन में छत्तीसगढ़ के नोडल अधिकारी गोपाल सिंह कश्यप, ओडिशा के प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी अर्नब सामंतरा और यू.एस.टी.आर. की डॉग स्क्वायड टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने अब सीमावर्ती क्षेत्रों के 50 किमी भीतर तक गश्त बढ़ाने का निर्णय लिया है.