छत्तीसगढ़ में रेंग रही ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का देश में बुरा हाल
रायपुर | संवाददाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल जब ‘प्रधानमंत्री सूर्य घरः मुफ्त बिजली योजना’ की शुरुआत की थी तो लगा था कि देश भर में इस योजना को लोग हाथों-हाथ लेंगे.
लेकिन छत्तीसगढ़ में पिछले एक साल में महज 1840 लोगों ने इस योजना का लाभ उठाया है. यानी हर महीने लगभग 150 लोग.
यह तब है, जब अगले 2 सालों में देश में 50 फीसदी बिजली सौर ऊर्जा से हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है.
बीते एक साल में इस योजना की रोशनी लोगों तक नहीं पहुंच पाई. लेकिन जोड़-तोड़ में माहिर अफसरों ने इस योजना के नाम पर अभी से फर्ज़ी आंकड़े पेश करने शुरु कर दिए हैं. हालत ये है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इन्हीं फर्ज़ी आंकड़ों को दुहरा रहे हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो महीने पहले ग्रीन एनर्जी को लेकर सम्मेलन के दौरान अपने संबोधन में कहा कि भारत में हम सोलर पावर प्रोडक्शन को भी माइक्रो लेवल पर ले जा रहे हैं, भारत सरकार पीएम सूर्य घर रूफ टॉप सोलर सेटअप के लिए हर फैमिली को फंड कर रही है.
उन्होंने कहा कि अब तक 13 मिलियन यानी 1 करोड़ 30 लाख से ज्यादा फैमिलीज इस पर रजिस्टर हो चुकी हैं, यानी इतने लोग सोलर पावर प्रोड्यूसर मतलब सौर ऊर्जा उत्पादक बन चुके हैं. इससे हर फैमिली को ऑन एन एवरेज 25000 रुपये की सालाना बचत होने वाली है.
लेकिन पीएम मोदी का यह दावा सही नहीं है कि 1 करोड़ 30 लाख लोग सौर ऊर्जा उत्पादक बन चुके हैं. सरकारी आंकड़े के ही अनुसार केवल 8 लाख 86 हजार लोगों को ही अभी तक इस योजना का लाभ मिल पाया है. 13 मिलियन का रजिस्ट्रेशन हुआ है न कि उनके घरों में सोलर पैनल लगाया गया है. हां, सरकार का लक्ष्य ज़रुर 2026-27 तक 1 करोड़ घरों में सोलर पैनल लगाने का है.
भारत सरकार के आंकड़े बताते हैं कि योजना की शुरुआत से लेकर अब तक मतलब बीते एक साल में इस योजना के पोर्टल पर कुल 1.71 करोड़ पंजीयन और 45.15 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं. योजना के तहत रूफटॉप सौर ऊर्जा स्थापना से देश भर में केवल 8.86 लाख आवासीय घर लाभान्वित हुए हैं.
पीछे है छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ की बात करें तो इस योजना में 35 हजार 475 उपभोक्ताओं ने आवेदन दिया है. 2 लाख 43,071 उपभोक्ता पंजीकृत हैं. जबकि अभी तक मात्र 1840 उपभोक्ताओं को ही योजना का लाभ मिला है.
मतलब ये कि केन्द्र सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना छत्तीसगढ़ में कछुआ चाल चल रही है.
केंद्र सरकार के आंकड़े बताते हैं कि इस योजना का सबसे बड़ा लाभार्थी गुजरात है जिसके 3,62,907 और दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र है जिसके 2,03,742 परिवारों ने इस योजना का लाभ उठाया है. उत्तर प्रदेश में 77,937, केरल में 68,938 जबकि मध्यप्रदेश में 26,233 परिवार इस योजना के लाभार्थी हैं. छत्तीसगढ़ इस क्रम में अठारहवें स्थान पर है.
इस योजना के तहत वर्तमान में सबसे ज्यादा सोलर पैनल रायपुर में लगे हैं, जबकि सबसे कम खैरागढ़ में लगे हैं. हालांकि, सूरजपुर, सुकमा, नारायणपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, दंतेवाड़ा और बलरामपुर में तो अब तक खाता भी नहीं खुला है.
मुफ्त नहीं है यह मुफ्त के नाम वाली योजना
असल में संकट ये है कि प्रधानमंत्री सूर्य घरः मुफ्त बिजली योजना नाम से प्रचारित इस योजना का लाभ शायद ही गरीब वर्ग ले पाये क्योंकि इस योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता को सरकारी सब्सिडी के साथ ही अपनी जेब से भी पैसे खर्च करने होते हैं तब जाकर उपभोक्ता मुफ्त बिजली का लाभ ले पाता है. यानी इस मुफ्त बिजली योजना के लिए पहले पैसे खर्च करने पड़ते हैं.
उदाहरण के लिए अगर आप तीन किलोवाट का सोलर प्लांट लगाएंगे तो लगभग 1.45 लाख रुपये की लागत आएगी. उसमें से अठहत्तर (78) हजार रुपये की सब्सिडी सरकार देगी. बचे हुए सड़सठ हजार (67,000) रुपए आपको देने होंगे.
दावा है कि छत्तीसगढ़ में 1 लाख 30 हजार घरों में पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाया जाएगा.
2026 तक इस टारगेट को पूरा करने का निर्देश बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से दिया गया है. लेकिन इस योजना की रफ्तार को देखते हुए लगता नहीं है कि यह योजना परवान चढ़ पाएगी.