इंडो-यूएस ट्रेड डील को तुरंत रद्द करें पीएम मोदी: राहुल गांधी
भोपाल । डेस्क: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को भोपाल में आयोजित 'किसान महाचौपाल' रैली में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला. राहुल गांधी ने भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते (Indo-US Trade Deal) को किसान विरोधी बताते हुए प्रधानमंत्री से इसे तुरंत रद्द करने की मांग की.
उन्होंने इस समझौते की तुलना किसानों के सीने में चुभे एक 'तीर' से की और आरोप लगाया कि यह सौदा भारतीय कृषि और किसानों के हितों के खिलाफ है.
रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के बाद प्रधानमंत्री में इस डील को रद्द करने का साहस नहीं है. राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि इस डील को अंतिम रूप देने से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी जैसे वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों को भी विश्वास में नहीं लिया गया.
राहुल ने कहा कि इस समझौते के जरिए भारत के कृषि, डेटा, कपड़ा और आयात क्षेत्रों के हितों के साथ समझौता किया गया है.
इस दौरान राहुल गांधी ने संसद में अपनी आवाज दबाने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि उन्हें राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद लोकसभा में बोलने की अनुमति नहीं दी गई.
वहीं, पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे के संस्मरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि युद्ध पर जाने का निर्णय हमेशा राजनीतिक होता है, सैन्य नहीं. कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए इस ट्रेड डील को सरकार का 'आत्मसमर्पण' करार दिया.