पीएम मोदी ने कहा- विश्वास बना भारत की सबसे मजबूत मुद्रा
कुआलालंपुर । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कुआलालंपुर में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए मलेशिया की प्रगति में उनके योगदान की सराहना की और उन्हें भारत-मलेशिया को जोड़ने वाला एक ‘सजीव सेतु’ बताया. अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने भारत के बढ़ते आर्थिक कद पर जोर देते हुए कहा कि आज दुनिया भर में 'विश्वास' भारत की सबसे मजबूत मुद्रा बन चुका है.
प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम का आभार व्यक्त किया, जो प्रोटोकॉल तोड़कर न केवल हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत करने पहुंचे, बल्कि उन्हें अपनी ही कार में बैठाकर कार्यक्रम स्थल तक लेकर आए. पीएम मोदी ने इस व्यवहार को भारत और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के प्रति प्रेम और सम्मान का प्रतीक बताया.
संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने 2026 की अपनी इस पहली विदेश यात्रा के महत्व को रेखांकित किया और दोनों देशों के बीच रोटी कनई और मालाबार परोटा जैसे साझा सांस्कृतिक व खान-पान के रिश्तों का जिक्र किया.
उन्होंने मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम की हिंदी गानों और एमजीआर के तमिल गीतों के प्रति दीवानगी की भी तारीफ की.
भारत की आर्थिक प्रगति पर चर्चा करते हुए मोदी ने कहा कि भारत अब केवल एक बाजार नहीं, बल्कि निवेश और व्यापार का वैश्विक केंद्र बन गया है, जिसके साथ दुनिया के तमाम विकसित देश व्यापारिक समझौते कर रहे हैं.
इस अवसर पर उन्होंने भारतीय मूल के मलेशियाई नागरिकों के लिए ओसीआई (OCI) कार्ड की पात्रता को छठी पीढ़ी तक बढ़ाने के ऐतिहासिक निर्णय को भी याद किया और छात्रों के लिए 'तिरुवल्लुवर छात्रवृत्ति' की घोषणा की.