पीएम मोदी ने बुलाई CCS की बैठक, भारतीयों की सुरक्षा पर मंथन
नई दिल्ली । डेस्क: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या और पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार रात कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की. यह बैठक अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद उपजे गंभीर हालात और भारत पर इसके रणनीतिक व आर्थिक प्रभावों की समीक्षा करने के लिए बुलाई गई थी.
प्रधानमंत्री मोदी अपने चार राज्यों के दौरे से लौटते ही सीधे इस बैठक में शामिल हुए, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने हिस्सा लिया.
बैठक में मुख्य रूप से पश्चिम एशिया में रह रहे लगभग 90 लाख भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और वहां फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की योजनाओं पर चर्चा की गई.
वर्तमान में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण दुबई और दोहा जैसे प्रमुख हवाई अड्डों पर सैकड़ों भारतीय फंसे हुए हैं, जिन्हें सहायता पहुंचाने के लिए विदेश मंत्रालय ने हेल्पलाइन सक्रिय कर दी हैं.
इसके अलावा, ईरान द्वारा 'होर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) को बंद किए जाने से भारत की तेल आपूर्ति पर पड़ने वाले असर का भी संज्ञान लिया गया.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर हमलों को जारी रखने के बयान और ईरान द्वारा जवाबी मिसाइल हमलों के बाद क्षेत्र में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है, जिसे देखते हुए भारत सरकार पूरी सतर्कता बरत रही है.