अहमदाबाद से लंदन जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त, 241 यात्रियों की मौत
अहमदाबाद में 242 यात्रियों से सवार विमान दुर्घनाग्रस्त
अहमदाबाद | डेस्कः गुजरात के अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक यात्री विमान क्रैश होने की खबर है. यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था. जानकारी के अनुसार इस विमान में 242 लोग सवार थे. विमान में सवार 241यात्रियों की मौत हो गई. जबकि एक यात्री के जिंदा बचने की खबर है.
आरंभिक तौर पर जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ है. इसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 पैसेंजर सवार थे.
विमान लंदन के लिए उड़ान भर रहा था, तभी टेकऑफ के दौरान एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास उसमें धमाका हो गया.
विमान एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास क्रैश हुआ, जो एयरपोर्ट कैंपस से सटा हुआ है. विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया.
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान के इंजन में तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ. हालांकि इस बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है.
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने विमान हादसे को लेकर बताया है कि एयर इंडिया का B787 विमान VT-ANB, उड़ान संख्या AI-171 के लिए अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
विमान में 242 लोग संवार थे, जिनमें 2 पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल थे. विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास थी और उसके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे.
विमान हादसे को लेकर अग्निशमन अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि विमान के गिरने के बाद उसमें आग लग गई और दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के लिए मौके पर भेजा गया है.
दुर्घटना स्थल पर बचाव अभियान जारी है, अग्निशमन सेवाएं और अन्य एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं.
एयर इंडिया ने बताया है कि विमान टेकऑफ़ के बाद क्रैश हुआ. ये विमान अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा था.
विमान दोपहार एक बजकर 38 मिनट पर अहमदाबाद से रवाना हुआ था, जिसमें 242 यात्री और क्रू मेंबर्स थे.
ये विमान बोइंग 787-8 एयरक्राफ़्ट था. विमान में सवार 242 लोगों में से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रितानी, एक कनाडाई और सात पुर्तगाल के नागरिक थे.
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एक्स पर लिखा, "अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मैं बहुत दुखी हूं. मैंने अधिकारियों को दुर्घटना में तत्काल बचाव एवं राहत कार्य करने और घायल यात्रियों के तत्काल इलाज की व्यवस्था युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं."
"मैंने घायल यात्रियों को इलाज के लिए ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने और अस्पताल में उपचार की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं."
सीएम भूपेंद्र पटेल ने लिखा, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुझसे बात की है और इस विमान दुर्घटना में बचाव एवं राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ़ टीमों और केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है."
सिविल हॉस्पिटल की हॉस्टल बिल्डिंग से टकराया था विमान
एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन जिस बिल्डिंग पर गिरा वहां अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के इंटर्न डॉक्टर्स रहते थे. ये इंटर्न डॉक्टर्स का हॉस्टल था जब विमान गिरा तब वहां कई इंटर्न डॉक्टर्स मौजूद होने की बात कही जा रही है.
विमान में आग लगने से उठे धुएं से हॉस्टल की बिल्डिंग पूरी तरह काली पड़ गई है और हर तरफ सिर्फ मलबा पड़ा है. अंदर हॉस्टल खंडहर जैसा हो गया है.
40 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यहां से कई शव भी निकाले गए हैं.
आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं की गई है कि कितने हताहत हुए पर हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.