भारत-पाकिस्तान के बीच 'पिंक साल्ट वॉर': कच्चा माल पाक का, ब्रांड भारत का
नई दिल्ली । डेस्क: भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक और सैन्य तनाव जगजाहिर है, लेकिन इन दिनों दोनों पड़ोसियों के बीच एक अनोखा 'नमक युद्ध' छिड़ा हुआ है. इस व्यापारिक लड़ाई के केंद्र में है 'हिमालयन पिंक साल्ट' (गुलाबी नमक), जिसकी लोकप्रियता वैश्विक बाजारों में तेजी से बढ़ रही है.
दिलचस्प बात यह है कि इस बेशकीमती नमक का मुख्य स्रोत पाकिस्तान की खेवड़ा खदानें हैं, लेकिन इसकी ब्रांडिंग और अंतरराष्ट्रीय बाजार पर भारत का दबदबा कायम है. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित खेवड़ा दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी नमक खदान है, जहाँ से हर साल करीब 3.6 लाख टन नमक निकलता है.
हालांकि, आधुनिक प्रसंस्करण इकाइयों (प्रोसेसिंग यूनिट्स) की कमी के कारण पाकिस्तान दशकों से इस गुलाबी नमक को कच्चे 'साल्ट बोल्डर' के रूप में भारत को बेचता रहा है. भारतीय कंपनियों ने इसी कच्चे माल को परिष्कृत कर 'हिमालयन पिंक साल्ट' के नाम से दुनिया भर में एक प्रीमियम ब्रांड के रूप में स्थापित कर दिया है.
भारत में टाटा और आशीर्वाद जैसे बड़े ब्रांड पिछले तीन दशकों से इस कारोबार में सक्रिय हैं. पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी टीस यह है कि दुनिया भर के उपभोक्ता इसे भारतीय उत्पाद मानकर खरीदते हैं, जबकि इसका भौगोलिक स्रोत पाकिस्तान में है.
साल 2019 के पुलवामा हमले के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान से 'मोस्ट फेवर्ड नेशन' का दर्जा वापस लेने और आयात पर 200 प्रतिशत सीमा शुल्क लगाने से इस व्यापार में पहली बार बड़ी रुकावट आई थी. तब कच्चे नमक की कीमतें 3.5 रुपये प्रति किलो से बढ़कर सीधे 24.5 रुपये तक पहुंच गई थीं. इसके बावजूद भारतीय बाजार में इसकी मांग कम नहीं हुई.
पिछले साल यानी 2025 में हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्ते लगभग शून्य पर आ गए हैं. भारत के वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पाकिस्तान से होने वाला आयात अब नगण्य है. लेकिन भारतीय उद्यमियों ने इसका तोड़ निकालते हुए अब दुबई के रास्ते इस कच्चे माल का आयात शुरू कर दिया है. यानी नमक वही है, बस रास्ता बदल गया है.
पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर 'हिमालयन पिंक साल्ट' के नाम को लेकर आपत्ति जताई थी और 'लाहौरी नमक' या 'खेवड़ा साल्ट' जैसे नामों से अपनी ब्रांडिंग करने की कोशिश की, लेकिन वैश्विक बाजार में उसे मुंह की खानी पड़ी.
अंतरराष्ट्रीय कानून विशेषज्ञों के अनुसार, किसी उत्पाद का नाम उसके स्रोत के साथ मेल खाना अनिवार्य नहीं है, और एक बार कच्चा माल बेचने के बाद विक्रेता यह तय नहीं कर सकता कि खरीदार उसे किस नाम से बेचेगा.
वर्तमान में पश्चिम एशिया के हालात, विशेषकर ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव और हॉर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से इस व्यापार पर अस्थायी प्रभाव पड़ा था, लेकिन हालिया संघर्षविराम की खबरों के बाद भारतीय व्यापारियों के लिए नई संभावनाएं खुल गई हैं.
यदि हॉर्मुज का रास्ता फिर से खुलता है, तो भारत अपने 'हिमालयन पिंक साल्ट' के जरिए वैश्विक बाजार में पाकिस्तान को फिर से पटखनी देने के लिए तैयार है.
शाहबाज शरीफ सरकार के लिए यह स्थिति 'कटे पर नमक छिड़कने' जैसी है, क्योंकि संसाधन उनके पास हैं, लेकिन उसका आर्थिक लाभ और वैश्विक साख भारत बटोर रहा है. 2026 में भारतीय उद्योग जगत ने इस आपूर्ति श्रृंखला को फिर से सुव्यवस्थित कर लिया है, जिससे पाकिस्तान की छटपटाहट और बढ़ गई है.