1 अप्रैल 2026 से बदलेगा पेट्रोल का नियम: 20% एथेनॉल, 95 ऑक्टेन अनिवार्य
नई दिल्ली । डेस्क: भारत सरकार ने देश की ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 1 अप्रैल 2026 से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20) की बिक्री को अनिवार्य कर दिया है. पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अब तेल कंपनियों के लिए न केवल एथेनॉल मिश्रण बल्कि पेट्रोल की गुणवत्ता को सुधारते हुए इसका 'रिसर्च ऑक्टेन नंबर' (RON) न्यूनतम 95 बनाए रखना भी अनिवार्य होगा.
सरकार का यह निर्णय कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने और विदेशी मुद्रा की बचत करने के उद्देश्य से लिया गया है. आंकड़ों के मुताबिक, 2014-15 से अब तक एथेनॉल मिश्रण के कारण भारत ₹1.40 लाख करोड़ से अधिक की विदेशी मुद्रा बचाने में सफल रहा है.
साथ ही, एथेनॉल का उत्पादन गन्ना, मक्का और अनाज से होने के कारण इससे किसानों की आय में भी वृद्धि होगी.
विशेषज्ञों के अनुसार, पेट्रोल में 95 ऑक्टेन (RON) की अनिवार्यता इंजन की सुरक्षा के लिए की गई है. ऑक्टेन नंबर ईंधन की 'नॉकिंग' (समय से पहले जलने) को रोकने की क्षमता को दर्शाता है.
उच्च RON इंजन को स्थिर रखता है और उसे खराब होने से बचाता है. चूंकि एथेनॉल का अपना ऑक्टेन मूल्य काफी अधिक (लगभग 108) होता है, इसलिए 20% मिश्रण से ईंधन की गुणवत्ता में सुधार होगा.
वाहन मालिकों के लिए राहत की बात यह है कि 2023-25 के बीच बने अधिकांश भारतीय वाहन E20 ईंधन के अनुकूल तैयार किए गए हैं. हालांकि, बहुत पुराने वाहनों के उपयोगकर्ताओं को माइलेज में 3 से 7 प्रतिशत की मामूली गिरावट और रबर या प्लास्टिक के हिस्सों में घिसाव जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है.
सरकार ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थितियों या विशिष्ट क्षेत्रों के लिए इस नियम में अस्थायी छूट दी जा सकती है.