मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ SC में याचिका, आपराधिक कार्रवाई और जांच की मांग

C

CG Khabar

25 सित. 2026, 01:28 PM 4 मिनट में पढ़ें 32

ज्ञानेश कुमार CEC
ज्ञानेश कुमार CEC

नई दिल्ली । डेस्क: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान वैधानिक कर्तव्यों के उल्लंघन और प्रक्रियात्मक अनियमितताओं के कथित गंभीर आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार कानूनी शिंकजे में घिरते नजर आ रहे हैं. इस मामले में उनके और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है.


संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत अधिवक्ता शैलेंद्र मणि त्रिपाठी द्वारा दायर इस याचिका में मांग की गई है कि मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा अन्य दो चुनाव आयुक्तों की सहमति के बिना लिए गए सभी फैसलों, दिशा-निर्देशों और सॉफ्टवेयर बदलावों को असंवैधानिक और अमान्य घोषित किया जाए.

विज्ञापन


यह याचिका मीडिया रिपोर्ट्स में उजागर हुए उन तथ्यों के बाद सामने आई है, जिनमें कहा गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मतदाता सूची के आंकड़ों के प्रबंधन और फॉर्म 6 में बदलाव समेत विभिन्न मुद्दों पर कम से कम 14 अवसरों पर अपनी गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई थीं. आरोप है कि ये निर्णय उनकी जानकारी के बिना या उनकी सिफारिशों के विपरीत लिए गए थे.


लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग


याचिकाकर्ता ने सक्षम प्राधिकारी को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक (आईटी) सीमा खन्ना और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर आपराधिक मुकदमा शुरू करने का निर्देश देने की गुहार लगाई है. यह कानून मतदाता सूची की तैयारी, पुनरीक्षण या सुधार से जुड़े आधिकारिक कर्तव्यों के उल्लंघन पर सजा का प्रावधान करता है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि अनधिकृत रूप से फॉर्म 6 में संशोधन किया गया, डेटाबेस का केंद्रीयकरण हुआ और पात्र मतदाताओं को ईसीआई-नेट सिस्टम के जरिए बहाल करने में विफलता रही.


बहुमत के नियम और प्रक्रियात्मक उल्लंघन का आरोप


सुप्रीम कोर्ट में दायर इस याचिका में मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्त अधिनियम, 2023 की धारा 18 का हवाला दिया गया है. यह धारा स्पष्ट करती है कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य आयुक्तों के बीच किसी मुद्दे पर मतभेद होता है, तो फैसला बहुमत की राय के आधार पर लिया जाना चाहिए. याचिका के अनुसार, चुनाव आयुक्तों ने मई 2026 में ही फॉर्म 6 में बदलाव का विरोध किया था और कहा था कि नियमों में संशोधन के बिना वैधानिक फॉर्म में बदलाव नहीं किया जा सकता. इसके बावजूद पोर्टल पर फॉर्म 6 को संशोधित कर दिया गया, जिसे चुनाव आयुक्तों ने पूरी तरह अनधिकृत और अवैध करार दिया.


विशेष जांच दल और न्यायिक आयोग के गठन की अपील


मामले की गंभीरता को देखते हुए याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट के किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र न्यायिक जांच आयोग या विशेष जांच दल (SIT) के गठन की मांग की है. इस दल में साइबर सुरक्षा और आईटी विशेषज्ञों को शामिल करने का सुझाव दिया गया है. यह प्रस्तावित समिति ईसीआई-नेट और ईआरओ-नेट डेटाबेस का फॉरेंसिक ऑडिट करेगी. याचिका में दावा किया गया है कि देश के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इस प्रक्रिया के दौरान लगभग 13 करोड़ नाम हटा दिए गए थे, जिसकी निष्पक्ष जांच होना बेहद जरूरी है.


पश्चिम बंगाल अपील मामले और डेटा की सुरक्षा पर जोर


याचिका में केवल मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों को चुनौती नहीं दी गई है, बल्कि आयोग के नाम पर पश्चिम बंगाल में मतदाताओं के शामिल किए जाने के खिलाफ दायर 16.10 लाख अपीलों को भी रद्द करने का अनुरोध किया गया है. साथ ही, ईसीआई-नेट और ईआरओ-नेट पोर्टल पर मूल फॉर्म 6 को तुरंत बहाल करने की मांग की गई है. जांच पूरी होने तक अक्टूबर 2025 से आगे के सभी सर्वर लॉग, डेटाबेस, संचार और मेटाडेटा को सुरक्षित रखने के निर्देश देने का भी आग्रह किया गया है. यह याचिका एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड चांद कुरैशी के माध्यम से दर्ज कराई गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
पीट हेगसेथ- अमेरिकी रक्षा मंत्री
देश-विदेश

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर महाभियोग की तैयारी, रिपब्लिकन सांसद का प्रस्ताव

4 घंटे पहले

फ्रांस में प्रदर्शन- फाइल फोटो
देश-विदेश

फ्रांस: विरोध प्रदर्शनों के बीच 1.6% बढ़ा न्यूनतम वेतन, 1 दिसंबर से लागू होगी नई दर

6 घंटे पहले

गाज़ा में विनाश
देश-विदेश

ब्रिटेन संसद से 1 लाख लोगों ने की गाजा युद्ध में यूके की भूमिका की जांच की मांग

6 घंटे पहले

सोना- चीन खरीद रहा है सोना
देश-विदेश

चीन में चमका सोना: गिरते दामों के बीच केंद्रीय बैंक और युवा ग्राहकों की बढ़ी खरीदारी

7 घंटे पहले

डोनाल्ड ट्रंप- राष्ट्रपति अमेरिका
देश-विदेश

ईरान युद्ध रोकने ट्रंप का दांव: चीन-रूस संग बैठक की तैयारी

7 घंटे पहले

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे
देश-विदेश

मल्लिकार्जुन खरगे के 'खुशियों की ईद' टिप्पणी पर हमलावर हुई BJP, कांग्रेस का पलटवार

11 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP