पानी के संकट से जूझ रहा जगदलपुर, अमृत मिशन फ्लाप
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर के कई वार्डों में पानी की किल्लत से रहवासी परेशान
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के सूखाग्रस्त क्षेत्रों में एक बार फिर गर्मी के मौसम के साथ पेयजल संकट गहराने लगा है. हालात इतने गंभीर हैं कि जगदलपुर शहर के 48 वार्डों में से 12 से ज्यादा वार्डों में लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं.
इंद्रावती नदी का जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है, जिसका असर भूमिगत जल पर हो रहा है. पुराने बोरवेल दम तोड़ चुके हैं और नए बोर खुदवाने के बावजूद पानी का नामोनिशान नहीं है.
केंद्र सरकार की अमृत मिशन योजना जो जगदलपुर वासियों के लिए कभी उम्मीद की किरण थी, अब लोगों की निराशा का कारण बन चुकी है.
सालों से अधर में लटकी इस योजना ने बस वादे किये, लेकिन समाधान आज भी नहीं हो सका है. पूरे बस्तर में अमृत मिशन का काम अधूरा पड़ा है.
सालों से अमृत मिशन का काम अधूरा
जगदलपुर शहर में साल दर साल पानी को लेकर समस्या गहराती जा रही है.
शहर के एक दर्जन से अधिक वार्ड ड्राईजोन में आते हैं, जो गर्मी के मौसम में पानी के लिए जूझते नजर आते हैं. अमृत मिशन योजना का काम सालों से अधर में लटका हुआ है.
हर साल वार्ड वासियों को उम्मीद रहती है कि आने वाले गर्मी के मौसम में पानी की समस्या नहीं होगी, लेकिन गर्मी का मौसम भी बीत जाता है और पानी की समस्या दूर नहीं होती.
वार्ड वासी प्यास बुझाने के लिए और रोजमर्रा की जरूरत के लिए कई किलोमीटर पैदल चलकर गंगामुंडा तालाब या दूसरे वार्ड से अपने उपयोग के लिए पानी लाते हैं.
भूजल स्तर गिरने से बोरवेल हो रहे फेल
नगर निगम के महापौर संजय पांडे ने भी स्थिति की गंभीरता को स्वीकार किया और कहा कि शहर के कई वार्ड सूखे की चपेट में हैं.
डीएमएफटी फंड से 27 बोर की स्वीकृति दी गई थी लेकिन भूजल स्तर इतना गिर चुका है कि वे भी काम नहीं कर पा रहे.
फिलहाल टैंकर से पानी आपूर्ति करने की कोशिश कर रहे हैं. महापौर ने कहा कि जैसे ही अमृत मिशन योजना का काम पूरा होगा, हालात सुधरेंगे.
प्रदर्शन के बावजूद नहीं हुआ समाधान
भाजपा के पूर्व पार्षद धन सिंह नायक ने कहा कि वार्डवासी हर महीने सिर्फ नल का बिल जमा करते हैं, लेकिन उस नल से उतना पानी नहीं आता कि नागरिकों के रोजमर्रा के कार्य हो सकें.
बीते 25 साल से जवाहर नगर वार्ड पानी की समस्या से जूझ रहा है, लेकिन आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है.
निगम में कांग्रेस की सरकार रहने के दौरान नगर निगम कार्यालय में वार्डवासी प्रदर्शन के रूप में कपड़े - बर्तन भी धोए, लेकिन उसका भी कोई असर नहीं हुआ.