पेंड्रा रोड: खाना बनाने में देरी पर पत्नी की हत्या करने वाले पति को उम्रकैद
पेंड्रा रोड । डेस्क: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पेंड्रारोड स्थित प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने पत्नी की बेरहमी से हत्या करने वाले पति को ताउम्र जेल की सजा सुनाई है. यह पूरा मामला गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम खोडरी का है, जहां जून 2025 में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया था.
दरअसल, आरोपी खेतन सिंह ने महज इसलिए अपनी पत्नी सुषमा बाजरा की जान ले ली क्योंकि उसने समय पर खाना तैयार नहीं किया था. भोजन में देरी से भड़के खेतन ने आव देखा न ताव और घर में रखी कुल्हाड़ी से सुषमा पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही सांसे थम गईं.
इस हृदयविदारक घटना की सुनवाई प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ज्योति अग्रवाल की अदालत में हुई.
अभियोजन पक्ष ने मजबूती से दलीलें पेश करते हुए इसे एक सोची-समझी क्रूरता करार दिया.
गवाहों के बयानों और साक्ष्यों की बारीकी से जांच करने के बाद अदालत ने आरोपी खेतन सिंह को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का दोषी पाया.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनाए गए फैसले में कोर्ट ने दोषी को आजीवन कारावास के साथ 2000 रुपये के जुर्माने की सजा दी है. जुर्माना न भरने की स्थिति में उसे तीन महीने की अतिरिक्त कड़ी कैद काटनी होगी. शासन की ओर से इस मामले में पैरवी अतिरिक्त लोक अभियोजक कौशल सिंह ने की.