पेमा खांडू का सीएम बने रहना सुप्रीम कोर्ट का अपमान: कांग्रेस
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश में कथित टेंडर घोटाले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस का आरोप है कि मुख्यमंत्री पेमा खांडू के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट द्वारा सीबीआई जांच के आदेश दिए जाने के बावजूद भाजपा इस मामले में ढिठाई बरत रही है.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री पेमा खांडू अभी भी लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री का पद संभाल रहे हैं. ऐसे में जांच से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण फाइलें उन्हीं के नियंत्रण में हैं, जिससे निष्पक्ष जांच संभव नहीं है.
उन्होंने इसे सुप्रीम कोर्ट, अरुणाचल प्रदेश की जनता और भारत के संविधान का सीधा अपमान बताया.
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट की तीन न्यायाधीशों की पीठ ने इसी साल 6 अप्रैल 2026 को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को एक प्रारंभिक जांच दर्ज करने का निर्देश दिया था.
मुख्यमंत्री खांडू पर आरोप है कि जनवरी 2015 से दिसंबर 2025 के बीच उनके परिवार के सदस्यों से जुड़ी कंपनियों को करीब 1,270 करोड़ रुपये के सरकारी ठेके दिए गए, जो सीधे तौर पर 'हितों के टकराव' (कन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट) का मामला है.
अदालत ने सुनवाई के दौरान सख्त टिप्पणी करते हुए कहा था कि कोई भी राज्य या उसकी संस्थाएं किसी राजनीतिक या प्रशासनिक अधिकारी की मर्जी से लाभ नहीं बांट सकती हैं.
शीर्ष अदालत ने साफ किया था कि जहां मामला सार्वजनिक खरीद की ईमानदारी और शीर्ष स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़ा हो, वहां जांच न केवल निष्पक्ष होनी चाहिए, बल्कि निष्पक्ष दिखनी भी चाहिए.
कांग्रेस ने मांग की है कि जांच को प्रभावित होने से बचाने के लिए मुख्यमंत्री को तुरंत उनके पद से हटाया जाना चाहिए.