ईरान वादे से मुकरा, तो रुक जाएगी शांति वार्ता: डोनाल्ड ट्रंप
नई दिल्ली । डेस्क: वाशिंगटन और तेहरान के बीच पहले दौर की शांति वार्ता खत्म होने और दूसरे दौर की तैयारी शुरू होने के बीच मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि तेहरान बातचीत की मेज पर किए गए वादों से पीछे हट रहा है.
ट्रंप ने तल्ख लहजे में कहा, "वे बहुत बड़ी गलती कर रहे हैं और वे खुद भी यह बात अच्छी तरह जानते हैं." यह विवाद तब गरमाया जब ईरान ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के निरीक्षकों को अपने देश में प्रवेश की अनुमति देने से इनकार कर दिया, जबकि अमेरिका का दावा है कि ईरान इसके लिए पहले ही 'पूरी तरह सहमत' हो चुका था.
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने संकेत दिए थे कि परमाणु केंद्रों के निरीक्षण को लेकर आईएईए के साथ जल्द बातचीत शुरू हो सकती है, लेकिन इसके कुछ ही घंटों बाद ईरानी सरकारी मीडिया ने साफ कर दिया कि किसी भी कीमत पर अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
ईरान के इस यू-टर्न पर भड़के राष्ट्रपति ट्रंप ने दोटूक कहा है कि वे अंदर कुछ और बात करते हैं और बाहर कुछ और. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर ईरान ने वादे के मुताबिक परमाणु निरीक्षकों को रास्ता नहीं दिया, तो अमेरिका आगामी शांति बैठक को रद्द कर देगा. ऐसे में हाल ही में हुए समझौते का भविष्य एक बार फिर अधर में लटक गया है.
ट्रंप ने यह भी याद दिलाया कि ईरान द्वारा परमाणु कार्यक्रम की दीर्घकालिक निगरानी की बात स्वीकार करने के बाद ही होर्मुज जलडमरूमध्य से अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाने का फैसला लिया गया था. अगर तेहरान मुकरा, तो अमेरिकी सेना दोबारा वहां घेराबंदी कर देगी.
गौरतलब है कि इस साल फरवरी में पेंटागन के 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' और इजरायल के 'ऑपरेशन रोअरिंग लायन' के बाद दोनों देशों में भीषण टकराव हुआ था, जिसके बाद कतर और पाकिस्तान की मध्यस्थता से युद्धविराम और फिर 17 जून को 14 सूत्रीय समझौता हुआ था. लेकिन ईरान के ताजा रुख ने शांति की कोशिशों पर फिर से पानी फेर दिया है.