ट्रंप पर पवन खेड़ा का तंज: 'मुख्य चुनाव आयुक्त को अमेरिका ले जाएं, EVM भी भेज देंगे'
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत की मतदाता पहचान प्रणाली का जिक्र किए जाने के बाद उन पर जोरदार तंज कसा है. पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा कि वह भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अपने साथ अमेरिका ले जाएं और उन्हें वहीं रखें.
उन्होंने चुटकी लेते हुए यह भी जोड़ा कि भारत अगली उपलब्ध फ्लाइट से अपनी EVM मशीनें भी अमेरिका भेज देगा.
यह मामला तब शुरू हुआ जब डोनाल्ड ट्रंप ने 'सेव अमेरिका एक्ट' (SAVE America Act) का समर्थन करते हुए भारत के चुनाव आयोग और यहां की मतदाता पहचान प्रक्रिया का हवाला दिया.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ने अमेरिकी प्रशासन से सवाल किया था कि बिना वैध फोटो आईडी के अमेरिका में चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं. ट्रंप के अनुसार, भारत के हालिया आम चुनाव में 64.6 करोड़ मतदाताओं ने हिस्सा लिया, जिनमें 1 प्रतिशत से भी कम लोगों ने मेल से वोट डाला और हर मतदाता के पास वैध पहचान पत्र होना अनिवार्य था.
इसी बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने ट्रंप के तंज और अमेरिकी बयानबाजी का जवाब दिया. दूसरी ओर, ट्रंप लगातार अमेरिका में मतदाता पहचान पत्र अनिवार्य करने, नागरिकता का प्रमाण मांगने और डाक से मतदान (मेल-इन बैलेट) की व्यवस्था को कड़ा करने के लिए 'सेव अमेरिका एक्ट' पारित कराने पर जोर दे रहे हैं.