परभणी में मंदिर की छत गिरने से 7 की मौत, 25 घायल
परभणी | डेस्क : महाराष्ट्र के परभणी जिले के प्रसिद्ध यशवाड़ी त्रिमूर्ति हनुमान मंदिर परिसर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. मंदिर के सामने बन रहे सभा मंडप की निर्माणाधीन छत अचानक ढह गई, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालु मलबे के नीचे दब गए. इस दुर्घटना में 7 लोगों की जान चली गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नए सभा मंडप का निर्माण कार्य जारी था. शनिवार होने के कारण मंदिर में भक्तों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक थी. दोपहर के समय लोग प्रसाद ग्रहण कर रहे थे और दर्शन-पूजन में व्यस्त थे. तभी मंडप का अस्थायी ढांचा अचानक टूट गया और उसके साथ पत्थर तथा अन्य निर्माण सामग्री नीचे आ गिरी.
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में देखा जा सकता है कि दोपहर करीब 3 बजे श्रद्धालु कतार में खड़े थे. इसी दौरान बांस और लोहे की रॉड से तैयार किया गया सेंट्रिंग ढांचा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे अफरा-तफरी मच गई.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे. स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. बचाव अभियान में आपदा प्रबंधन विभाग, अग्निशमन दल, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया.
जिला कलेक्टर संजय चव्हाण सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कुल 32 लोग प्रभावित हुए, जिनमें से 7 की मृत्यु हो गई और 25 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
400 वर्ष पुराना है मंदिर का इतिहास
मनवत तालुका स्थित यशवाड़ी का त्रिमूर्ति हनुमान मंदिर लगभग चार शताब्दियों पुराना माना जाता है. स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, अतीत में एक समय पूरा गांव उजड़ गया था, लेकिन मंदिर सुरक्षित बना रहा. यही कारण है कि इस मंदिर की क्षेत्र में विशेष धार्मिक आस्था है.
हाल के वर्षों में मंदिर परिसर के विस्तार और सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा था. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभा मंडप समेत कई नई सुविधाएं विकसित की जा रही थीं. इसी निर्माण कार्य के दौरान यह दुखद घटना घटित हुई.
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया शोक
हादसे पर प्रधानमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों का समुचित उपचार कराया जा रहा है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की.
अब तक मृतकों में संतोष गडाडे (मंथा), आकाश सुरदुसे (परभणी), मुनेश अग्रवाल (जिंतूर), सूरज पोपटकर (मनवत) और श्रीकृष्ण गवारे (वडवानी, बीड) की पहचान की जा चुकी है.